तालाब की जुताई करते समय ट्रैक्टर पलटने से युवक की मौत
Ayodhya News - तारुन क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुरौली में बुधवार शाम ट्रैक्टर पलटने से 25 वर्षीय चालक राकेश चौरसिया की गंभीर चोट लगने के बाद मौत हो गई। तालाब की जुताई के दौरान यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर है।

तारुन,संवाददाता। तारुन क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुरौली में बुधवार शाम करीब छह बजे तालाब की जुताई के दौरान एक हादसा हो गया। हादसे में ट्रैक्टर पलटने से 25 वर्षीय चालक की गंभीर चोट लगने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गुरौली निवासी राकेश चौरसिया पुत्र चंद्रिका प्रसाद मत्स्य पालन के लिए तालाब की जुताई कर रहे थे। बताया जाता है कि तालाब से बाहर निकलते समय ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर पलट गया,जिससे राकेश उसके नीचे दब गए और उनके सिर में गंभीर चोट आई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला।
परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तारुन ले गए,जहां डॉक्टर मौजूद नहीं मिले। इसके बाद उन्हें रामपुर भगन स्थित एक निजी हॉस्पिटल ले जाया गया,जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने अयोध्या के नाका चुंगी स्थित एक हॉस्पिटल में इलाज के लिए रेफर कर दिया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत में सुधार न होने पर उन्हें जिला अस्पताल अयोध्या भेजा गया,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक राकेश चौरसिया विवाहित थे और चार भाइयों में शामिल थे। उनके बड़े भाई विजय चौरसिया,अजय चौरसिया और सूरज चौरसिया हैं। ग्राम प्रधान अनिल कुमार ने बताया कि राकेश की शादी पिछले वर्ष ही हुई थी। थाना प्रभारी देवेंद्र पांडेय ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला हादसा प्रतीत हो रहा है,आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।---
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


