स्पीति मैराथन 2024 के लिए प्रतिभागियों का पंजीकरण शुरू
Ayodhya News - स्पीति मैराथन 2024 भारतीय सेना द्वारा 28-29 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के काजा में आयोजित की जाएगी। यह एक हाई एल्टीट्यूड मैराथन है जिसमें देशभर के लोग भाग ले सकते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय...

अयोध्या,संवाददाता। स्पीति मैराथन 2024 भारतीय सेना द्वारा ऑपरेशन सद्भावना पहल के तहत 28 और 29 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के काजा सब डिवीजन में सुमदो के हिम योद्धा मिलिट्री स्टेशन में आयोजित किया जा रहा है। यह एक विशेष हाई एल्टीट्यूड मैराथन है। इसमें प्रतिभागियों का रजिस्ट्रेशन भी शुरू हो गया है। देश भर के लोग इसमें हिस्सा ले सकते हैं। रजिस्ट्रेशन अभी चल रहा है। पीआरओ डिफेंस लखनऊ शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि उद्घाटन समारोह स्थानीय लोगों के साथ देश भर के धावकों के लिए खुला है। कार्यक्रम का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के दूरदराज के इलाकों में भारतीय सेना द्वारा की गई पहल को उजागर करना, स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देना, सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन, स्पीति घाटी में गांवों को प्रदर्शित करना है। इससे भारत सरकार के वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम को बढ़ावा देने के साथ ही शारीरिक फिटनेस और मानसिक मजबूती को भी भी प्रोत्साहित किया जाएगा। यह आयोजन स्पीति घाटी के लोगों के साथ मजबूत संबंधों को सक्षम बनाएगा। आईटीबीपी, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग, हिमाचल प्रदेश पुलिस और काजा उपमंडल के नागरिक प्रशासन की भागीदारी और समर्थन के साथ, मैराथन बेहतर नागरिक-सैन्य समन्वय के माध्यम के रूप में भी काम करेगा। प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खुला है। अब तक कई पंजीकरण किए जा चुके हैं जिसमें कई प्रशंसित अल्ट्रा-मैराथनर्स ने इस आयोजन में भाग लिया है। स्पीति मैराथन धैर्य, रोमांच और लुभावनी हिमालयी सुंदरता का एक अनूठा मिश्रण प्रदान करता है, जो प्रतिभागियों के लिए जीवन में एक अनोखा अनुभव साबित होगा।
चार श्रेणियों में होगा दौड़ का आयोजन:इस आयोजन में विभिन्न श्रेणियों की चार दौड़ो में 36 से अधिक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। 77 किलोमीटर स्पीति एवेंजर चैलेंज एक विशिष्ट रूप से निर्मित दौड़ है, जिसे 28 सितंबर को सुबह पांच बजे काजा से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। 42 कि.मी. स्पीति फुल मैराथन को 28 सितंबर को सुबह सात बजे हिम योद्धा मिलिट्री स्टेशन सुमदो से हरी झंडी दिखाई जाएगी। 21 कि.मी. स्पीति हाफ मैराथन हिम योद्धा मिलिट्री स्टेशन सुमदो से शुरू होगी। 29 सितंबर को सुबह सात बजे सुमदो से 10 कि.मी. रन फॉर फन को हरी झंडी दिखाई जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


