
अनियंत्रित कार की टक्कर से बाइक सवार चाचा की मौत,भतीजा गंभीर
Ayodhya News - मवई के पटरंगा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को टक्कर मारी, जिससे चाचा की मौत हो गई और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक अपने परिवार के सदस्य को लेने जा रहे थे। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मवई,संवाददाता। पटरंगा थाना क्षेत्र के मियां पुरवा अंडरपास पर शनिवार देर शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-27 पर अयोध्या से लखनऊ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और अंडर पास के नीचे से गुजर रही बाइक सवार चाचा-भतीजे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली भेजा,जहां चिकित्सकों ने चाचा को मृत घोषित कर दिया,जबकि भतीजे की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय अमर यादव पुत्र रामसूरत निवासी ग्राम बरौली थाना मवई के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम मोहित यादव पुत्र रमेश यादव बताया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों युवक मियां पुरवा चौराहे पर लखनऊ से आ रहे मृतक के बड़े भाई शशांक को लेने गए थे। वापस लौटते समय अंडर पास के नीचे कार की चपेट में आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही हाईवे चौकी प्रभारी राजकुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू कराया। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही रुदौली विधायक रामचंद्र यादव भी सीएचसी रुदौली पहुंचकर घायल युवक के बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों को कहा। उन्होंने मृतक के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। हादसे के बाद मृतक के गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में हाईवे चौकी प्रभारी राजकुमार ने बताया कि दुर्घटना करने वाली कार को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया था। इन्होंने बताया मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




