
राममंदिर परिसर में चलाया गया चेकिंग अभियान खंगाला गया सीसीटीवी कैमरा
Ayodhya News - अयोध्या में नमाज मामले के बाद राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच तेज हो गई है। संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है, जिसमें बम और डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे क्षेत्र की गहनता से जांच की जा रही है। सुरक्षा बल और खुफिया एजेंसियां संदिग्ध फेरी वालों और बाहरी व्यापारियों से भी पूछताछ कर रही हैं।
अयोध्या, संवाददाता। नमाज मामले के बाद राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और जांच तेज हो गई है। पकडे गए संदिग्ध के अंदर प्रवेश करने से लेकर नमाज पढ़ने तक की गतिविधियों को खंगाला जा रहा है। साथ ही पूरे रेड जोन में बम और डॉग स्क्वायड दस्ते द्वारा गहन जांच पड़ताल भी शुरू की गई है। शनिवार की दोपहर डेढ़ बजे कश्मीर के रहने वाले अब अहद शेख द्वारा नमाज पढ़ने के मामले के बाद पूरे रामजन्मभूमि परिसर में सुरक्षा जांच तेज कर दी गई। रामजन्मभूमि दर्शन मार्ग से प्रवेश करने और गर्भगृह के अंदर से बाहर निकलने तक की सभी एक्टिविटी को गहनता से परखा जा रहा है।
केंद्र और राज्य की खुफिया एजेंसियां देर रात तक जांच में जुटी रहीं। इसी बीच एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने पूरे परिसर में जांच अभियान चलाया। बम स्क्वायड दस्ते और एटीएस कमांडो के साथ परिसर के सभी मार्गो का निरीक्षण किया गया। परिसर से सटे मार्गो पर आवागमन करने वाले वाहनों की जांच देर शाम तक की जाती रही। परिसर के सूत्रों की माने नमाज मामले को अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। इसमें सुरक्षा कर्मियों से स्पष्टीकरण भी तलब किया जा सकता है। फेरी वालों और बाहरी व्यापारियों से पूछताछ तेज:राम जन्मभूमि परिसर के बाहरी क्षेत्र पूरे रामधाम में खुफिया एजेंसियों की जांच तेज हो गई है। शनिवार की शाम से नगर के मोहल्लों में घूम-घूम कर समान बेचने वाले (फेरी वालों ) और बाहरी ठेले खोमचे वाले व्यापारियों केंद्र और प्रदेश की खुफिया एजेंसियों द्वारा पूछताछ शुरू हो गई है। सभी का पहचान पत्र देखा जा रहा था। संदिग्ध पाए जाने पर पूछताछ को विस्तार दिया जा रहा है। होटल, धर्मशाला और होमस्टे में रुकने वाले यात्रियों की डिटेल खंगाली जा रही है। किसी कर नाम पर शक होने पर उसकी विस्तृत जानकारी मांगी जा रही। सूत्रों की माने तो यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि अब अहमद शेख के साथ कोई और अन्य तो नहीं था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




