अभिषेक सोनी ने राष्ट्रीय व डेजी एंडाला ने अन्तर्राष्ट्रीय मैराथन में मारी बाजी

Feb 22, 2026 05:55 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अयोध्या
share

Ayodhya News - अयोध्या, संवाददाता। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र व क्रीड़ा भारती के द्वारा संयुक्त रूप से

अभिषेक सोनी ने राष्ट्रीय व डेजी एंडाला ने अन्तर्राष्ट्रीय मैराथन में मारी बाजी

अयोध्या, संवाददाता। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र व क्रीड़ा भारती के द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित रन फार राम मैराथन दौड़ की विविध श्रेणियों की प्रतियोगिता में देश-विदेश के तीन हजार धावकों ने प्रतिभाग किया। यहां पहुंचने वालों में युवा -बाल व वृद्ध सभी आयु वर्ग के लोग शामिल थे, जिन्होंने श्रद्धा भाव के साथ साहस-शक्ति और धैर्य व अनुशासन के अलावा देश सेवा के प्रति अपना समर्पण व्यक्त किया। इस प्रतियोगिता में फुल मैराथन 42 किमी, हाफ मैराथन 21 किमी. के अतिरिक्त दस किमी व फैमिली के लिए तीन किलोमीटर दौड़ तय की गयी थी। 42 किमी की मैराथन दौड़ में भोपाल के अभिषेक सोनी राष्ट्रीय व इथोपिया के डेजी एंडाला अंतरराष्ट्रीय विजेता घोषित किए गए।

इन दोनों धावकों को एक-एक लाख के पुरस्कार राशि के चेक 25-25 हजार की अतिरिक्त धनराशि व मेडल के साथ रामलला का प्रसाद भी प्रदान किया गया। फैमिली दौड़ का आयोजन जहां धर्म पथ पर किया गया। वहीं फुल व हाफ मैराथन के अलावा दस किमी दौड़ का आयोजन लता मंगेशकर चौक से रामपथ पर किया गया। क्रीड़ा भारती की उद्घोषक नमिता ने अधिकारिक परिणामों की घोषणा की, जबकि क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के न्यासी डा अनिल मिश्र, इंडिया स्पोर्ट्स फाउंडेशन की संस्थापक सदस्य गीता सिंह, विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह व महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने विजेताओं को निर्धारित पुरस्कार राशि के चेक के साथ अलग-अलग मेडल प्रदान कर पुरस्कृत किया। 42 किमी मैराथन दौड़ में आठवीं रैंक तक के धावकों को दिया गया चेक : क्रीड़ा भारती ने 42 किमी मैराथन दौड़ के विजेता -उप विजेता के अलावा आठवीं रैंक तक के धावकों को मामूली समय अंतराल में दौड़ पूरी करने के कारण प्रदान किया गया। इनमें छठवें, सातवें व आठवें स्थान पर रहे क्रमशः अरविंद यादव, गोलू मौर्य व पप्पू भारद्वाज को 10-10 हजार, पांचवीं पर सुशांत सिंह को 20 हजार, चौथे जय कुमार को 30 हजार, तीसरे पर पंकज सिंह को 50 हजार व दूसरे स्थान पर रहे अक्षय कुमार को 75 हजार का चेक सौंपा गया। वहीं 21 किमी. हाफ मैराथन के बालिका वर्ग में विजेता सोनी व बालक वर्ग में विजेता प्रिंस को 55-55 हजार, उप विजेता क्रमशः कविता व साहिल सागर को 35-35 हजार एवं तृतीय स्थान पर रहने वाली माधुरी व रवि को 25-25 हजार का चेक प्रदान किया गया। इसी तरह से दस किमी के बालिका व बालक वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे धावकों को क्रमशः 30 हजार, 20 हजार व 10 हजार की धनराशि का चेक सौंपा गया। बालिका वर्ग में अंकिता विजेता व आकांक्षा उप विजेता रही व अंजलि को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। बालक वर्ग में संदीप पाल विजेता व पंकज उप विजेता घोषित हुए और इस्लाम अली को तीसरा स्थान हासिल हुआ। वहीं फैमिली दौड़ में बेटा-बहू व पोते के साथ दौड़ लगाने वाले लखनऊ के दम्पति बीएल गुप्ता व ममता गुप्ता को सपरिवार सम्मानित किया गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।