राष्ट्रीय विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता की रंगारंग आगाज
Ayodhya News - अयोध्या में राष्ट्रीय विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ, जिसमें 32 राज्यों की 64 अंडर 17 टीमों के 1000 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए। प्रतियोगिता का उद्घाटन मंडलायुक्त राजेश कुमार और महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने किया। यह आयोजन 24 दिसंबर को समाप्त होगा। खिलाड़ियों को खेलों में जोड़ने की सरकार की योजना की भी चर्चा की गई।

अयोध्या, संवाददाता। राजकीय इंटर कॉलेज अयोध्या के मैदान पर मिनी भारत की झलक दिखाई दी। शनिवार को राष्ट्रीय विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर देशभर के एक हजार से अधिक खिलाड़ी अपना दम दिखाने के लिए एक साथ मैदान में दिखे। स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया के महाकुंभ में खिलाड़ियों का जोश दिखाई दिया। शैक्षिक संगठनों समेत 32 राज्यों की 64 बालक और बालिका अंडर 17 आयु वर्ग की टीमों का यहां संगम हुआ है। 69 वीं नेशनल स्कूल खो-खो प्रतियोगिता का समापन 24 दिसम्बर को होगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन अयोध्या मंडल के कमिश्नर राजेश कुमार और महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने झंडा रोहन के साथ किया।
इसके पहले वेदपाठियों ने शंख बजाकर प्रतियोगिता के रंगारंग आगाज का आभास कराया। जीजीआईसी अयोध्या की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। विद्या मंदिर के बच्चों ने मल्ल् खम्भ खेल का प्रदर्शन कर सभी को आकर्षित किया। कनोसा कान्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा राजस्थानी लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय बाबा द्वारा फरवाही नृत्य प्रस्तुत किया गया। कुसुम वर्मा द्वारा भजन प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता के उदघाटन अवसर पर मुख्य अतिथि मंडलायुक्त राजेश कुमार ने अपने सम्बोधन में कहा कि सरकार प्रत्येक बच्चे को खेल से जोड़ने का अभियान पर काम कर रही है। विद्यालय स्तर पर खेलो के लिए प्रदेश में योजनाएं लागू की गई है। विद्यालय के सभी छात्र को खेल से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। राष्ट्रीय विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन अयोध्या के गौरव और परंपरा को पूरे देश में फैलने का कार्य करेगा। महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता का स्लोगन खेलेंगे पढ़ेंगे बढ़ेंगे को स्लोगन से ऊपर संकल्प के रूप में लिया जाना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से आवाहन किया कि प्रभु श्री राम की जन्मभूमि पर इस संकल्प के साथ अपने नए भविष्य का आशीर्वाद प्राप्त करें। स्कूली खेलों के विजेता खिलाड़ियों को भी सरकार ने नगद राशि देने का कार्य किया है। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर संयुक्त शिक्षा निदेशक योगेंद्र कुमार सिंह, उप शिक्षा निदेशक कौस्तुभ सिंह जिला विद्यालय निरीक्षक पवन कुमार तिवारी ने अतिथियों को बुके प्रदान कर उनका स्वागत किया। आयुक्त राजेश कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन कर आयोजन का आगाज किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई इस अवसर पर यश विद्या मंदिर द्वारा मलखम्भ का शानदार प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर जिला विद्यालय शिक्षक द्वारा अतिथियों का स्वागत करते हुए अयोध्या प्रभु श्री राम की धारा पर खिलाड़ियों का अभिवादन भी किया। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कियावित्त एवं लेखा अधिकारी अनुपम मंडल के प्रधानाचार्य ओमकार, मणि शंकर तिवारी, मनोज कुमार तिवारी, मंडलीय सचिव धर्मेंद्र सिंह, शिवकरण सिंह, अभिषेक सिंह, विजेंद्र सिंह, राजेश कुमार सिंह, सुल्तानपुर जिला सचिव दिलीप सिंह, अंबेडकर नगर जिला सचिव अजीत सिंह, बाराबंकी जिला सचिव चंदन अस्थान, कपिलकांत, दुर्ग विजय सिंह, दिनेश सिंह आजमगढ़, एसजीएफआई के मैच टूर्नामेंट डायरेक्टर विनोद सिंह सहित खेल अध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




