Ayodhya News: मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में बेड पर मिलेगी हृदय रोगियों को ईसीजी की सुविधा
Ayodhya News: अयोध्या में स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक स्तर के अधिकारियों ने जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने हृदय रोगियों के लिए ईसीजी सुविधाओं को बेड पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही सफाई और चिकित्सकीय सेवाओं का भी जायजा लिया।

Ayodhya News: अयोध्या, संवाददाता। जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और महिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक स्तर के तीन अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महत्वपूर्ण निर्देश
मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में बेड पर ही हृदय रोगियों को स्थाई रुप से तत्काल ईसीजी सुविधा उपलब्ध का निर्देश दिया गया। वर्तमान में आवश्यकता पर टेक्निशियन को ईसीजी करने के लिए बुलाया जाता था। अब वार्ड में तैनात स्टाफ को इसके लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। जिला अस्पताल में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा महिला अस्पताल में प्रसूताओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली गई। महानिदेशक प्रशिक्षण डा. रंजना खरे ने मेडिकल कॉलेज परिसर का भ्रमण कर इमरजेंसी ट्रॉमा के रेड, यलो और ग्रीन जोन का निरीक्षण किया। इसके बाद आईसीयू, एनआईसीयू, एसएनसीयू और ब्लड बैंक की व्यवस्थाएं देखीं। ट्रॉमा सेंटर में हृदय रोगियों को बेड पर ईसीजी की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईसीजी मशीन को मरीज के बेड के पास स्थायी रूप से उपलब्ध कराया जाए, जिससे मौके पर मौजूद प्रशिक्षित स्टाफ तत्काल ईसीजी कर सके और इसके लिए टेक्निशियन के आने का इंतजार न करना पड़े।
मरीजों की सुरक्षा पर जोर
उन्होंने कहा कि हृदय रोगियों के लिए अस्पताल पहुंचने के शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। तत्काल जांच और उपचार मिलने से मरीज की जान बचाई जा सकती है। ईसीजी टेक्निशियन के आने में चार, पांच मिनट की देरी भी गंभीर मरीज के लिए दिक्कत भरी हो सकती है। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर में तैनात स्टाफ को ही ईसीजी का प्रशिक्षण देने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान आईसीयू में मरीजों की अधिक संख्या और लगातार वेटिंग की स्थिति भी सामने आई। इस पर क्षमता बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी ली गई। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डा. अरविंद सिंह ने बताया कि ईसीजी की व्यवस्था के संबंध में प्राचार्य को अवगत करा दिया गया है और जल्द ही आवश्यक व्यवस्था कर दी जाएगी।
महिला अस्पताल का निरीक्षण
वहीं, महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डा. पवन कुमार अरुण ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त किया। इस दौरान वार्डों में चिकित्सकीय सुविधाओं का उन्होंने जायजा लिया। ऑनलाइन मेडिकोलीगल के बारे में जानकारी लेने के साथ ही मरीजों से चिकित्सकों के समय पर पहुंचने और उपचार मिलने के संबंध में भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान करीब 45 मिनट वह जिला अस्पताल में मौजूद रहे। महिला अस्पताल में महानिदेशक परिवार कल्याण डा. शोभा मिश्रा ने ओपीडी, लेबर रूम और एसएनसीयू का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रसूताओं व गर्भवती महिलाओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं और चिकित्सकीय सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महिला अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं।
------------


