जिस जमीन पर दर्ज हुआ था मुकदमा, वहीं फिर शुरू हुआ अवैध निर्माण
मवई विकासखंड के ग्राम बैसन पुरवा मजरे में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सुर्खियों में। अवैध निर्माण के खिलाफ लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायत दर्ज करने की मांग की है।

मवई संवाददाता। मवई विकासखंड के ग्राम बैसन पुरवा मजरे कसारी में सरकारी भूमि (बंजर) पर कथित अवैध कब्जे का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। बताते हैं कि जिस भूमि पर अतिक्रमण को लेकर पूर्व में राजस्व विभाग की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कराया गया था, उसी भूमि पर अब दोबारा तेजी से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार ग्राम समाज की भूमि गाटा संख्या 433 ख राजस्व अभिलेखों में सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है। आरोप है कि उक्त भूमि पर गांव निवासी इस्लाम उर्फ नन्नन द्वारा उक्त भूमि पर पक्का निर्माण कर कब्जा करने की नीयत से लगातार पक्का निर्माण कराया जा रहा है।
मामले में तत्कालीन लेखपाल सुभाष ने जांच के बाद अवैध निर्माण की पुष्टि करते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद निर्माण कार्य कुछ समय के लिए रुक गया था, लेकिन लेखपाल के स्थानांतरण के बाद एक बार फिर निर्माण कार्य शुरू हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान में दिन-रात निर्माण कार्य चल रहा है और प्रशासनिक स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। इस बीच ग्राम प्रधान महमूद ने जिलाधिकारी अयोध्या को शिकायती पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। एसडीएम संतोष कुमार ने बताया मामला मेरे संज्ञान में है। अवैध निर्माण को रूकवाने के लिए लेखपाल को भेजा गया है।-------
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


