महिला अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बाल बाल बचे मरीज
Ayodhya News - अयोध्या के जिला महिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर शुक्रवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। अस्पताल में भर्ती 45 से अधिक महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने का प्रयास किया। सभी मरीज सुरक्षित हैं और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

अयोध्या, संवाददाता। जिला महिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर शुक्रवार की सुबह करीब 10:30 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई। गैलरी के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार में अचानक स्पार्किंग होने से आग भड़क उठी, जिससे पूरी तीसरी मंजिल धुएं से भर गई। इसी मंजिल पर सर्जिकल वार्ड संचालित है, जहां 45 से अधिक मरीज भर्ती थे। आग लगते ही वार्ड में भर्ती महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों को लेकर घबराहट में बाहर की ओर भागने लगीं। महिला अस्पताल के कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया तथा इसके साथ ही सर्जिकल वार्ड में भर्ती महिलाओं और नवजात व बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हालात को देखते हुए पूरे अस्पताल को खाली कराने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद गर्भवती महिलाएं और प्रसूताएं अपने बच्चों के साथ अस्पताल परिसर से बाहर आ गईं। फायर बिग्रेड के मौके पर पहुंचने के पहले अस्पताल के कर्मचारियों ने आग पर लगभग काबू प्राप्त कर लिया था। आग लगते ही एहतियात के तौर पर अस्पताल की बिजली आपूर्ति भी तत्काल बंद कर दी गई, ताकि आग अन्य हिस्सों में न फैल सके। इस दौरान अस्पताल में मौजूद सभी सुरक्षित रहे व कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। डेढ़ घंटे बाद अस्पताल की लाइन पुनः चालू की गई। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि आग लगने पर फायर बिग्रेड व स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू प्राप्त कर लिया गया। घटना के समय सभी मरीजों व उनके तीमारदारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


