जंगल में युवक का शव मिलने से सनसनी, गला दबाकर हत्या की आशंका

Newswrap हिन्दुस्तान, अयोध्या
share

Ayodhya News - कुशहरी जंगल में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।प्रारंभिक जांच में घटनास्थल की परिस्थितियां इशारा कर रही हैं कि य

जंगल में युवक का शव मिलने से सनसनी, गला दबाकर हत्या की आशंका

मवई,(अयोध्या), संवाददाता। जिले के मवई थाना क्षेत्र के कुशहरी जंगल में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हाईवे के किनारे स्थित जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने जब झाड़ियों के पास शव को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में घटनास्थल की परिस्थितियां इशारा कर रही हैं कि युवक की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को यहां लाकर फेंका गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव झाड़ियों के किनारे पड़ा हुआ था और आसपास जमीन पर घसीटे जाने के स्पष्ट निशान दिखाई दे रहे थे। इससे यह आशंका और मजबूत हो जाती है कि शव को किसी अन्य स्थान से लाकर जंगल में ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के ग्रामीणों को बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 28 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है। युवक का शव अंडरवियर और टी-शर्ट में मिला, जो इस बात की ओर संकेत करता है कि घटना के दौरान उसके साथ झगड़ा हो सकता है। युवक के गले में गमछा कसकर लिपटा हुआ मिला है, जिससे प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा मृतक के मुंह से खून निकला हुआ था और शरीर पर कई स्थानों पर खरोंच के निशान पाए गए हैं। शरीर पर मौजूद चोटों और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस यह भी मान रही है कि हत्या के बाद शव को घसीटते हुए जंगल में लाया गया और वहां फेंक दिया गया। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर रही है और लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, ताकि मृतक की पहचान हो सके।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। साथ ही, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है ताकि जल्द से जल्द घटना का खुलासा किया जा सके और आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।