Ayodhya News: एटीएम बंद होने का झांसा देकर खाते से उड़ाए 2.40 लाख
Ayodhya News: मवई के डॉ. अरुण कुमार अवस्थी से साइबर अपराधियों ने दो लाख 40 हजार 499 रुपये की ठगी की। जालसाज ने फोन कॉल करके एटीएम बंद होने का झांसा दिया और जानकारी मांगने का प्रयास किया। डॉक्टर के इनकार के बावजूद, उनके बैंक खातों से रकम ट्रांसफर हो गई। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

Ayodhya News: मवई संवाददाता। साइबर अपराधियों ने मवई चौराहा निवासी एक प्रतिष्ठित चिकित्सक को निशाना बनाकर दो अलग-अलग बैंक खातों से दो लाख 40 हजार 499 रुपये की ठगी कर ली। जालसाज ने फोन कर एटीएम बंद होने का झांसा देते हुए नया नंबर जारी करने की बात कही और एटीएम पासवर्ड व ओटीपी हासिल करने का प्रयास किया था। चिकित्सक द्वारा कोई जानकारी नहीं दिए जाने के बावजूद कुछ देर बाद खातों से रकम निकलने के मैसेज पहुंच गए। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद मवई थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। मवई चौराहा निवासी चिकित्सक डा. अरुण कुमार अवस्थी ने बताया कि रविवार को उनके मोबाइल पर एक अनचाही कॉल आई।
कॉल करने वाले ने एटीएम बंद होने की बात कहते हुए नया नंबर जारी करने का झांसा दिया और इसके लिए पुराना पासवर्ड व ओटीपी बताने को कहा। चिकित्सक ने कोई जानकारी देने से इंकार कर दिया। इसके बावजूद जालसाज काफी देर तक उन्हें बातचीत में उलझाए रहा। कुछ देर बाद उनके एक बैंक खाते से 40 हजार 499 रुपये ट्रांसफर होने का मैसेज आया। डॉ. अवस्थी ने बताया पहले लेनदेन को उन्होंने ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन कुछ ही देर बाद दूसरे बैंक खाते से एक-एक लाख रुपये की दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन हो गईं। इस तरह दोनों खातों से कुल 2,40,499 रुपये निकल गए। रकम कटने का पता चलते ही उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मवई थाने में प्रार्थना पत्र दिया। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा ठगी गई रकम वापस कराने की मांग की है। मवई एसओ मनोज कुमार ने बताया सूचना आई है। साइबर सेल को जानकारी दी गई है।


