रामायण कालीन इतिहास का गवाह बनेगा वैक्स म्यूजियम
Ayodhya News - अयोध्या में काशीराम कालोनी के सामने रामायण कालीन इतिहास पर आधारित वैक्स म्यूजियम का निर्माण किया जा रहा है। इसमें भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी घटनाओं की मोम की म्यूरल्स स्थापित की जाएंगी।...

अयोध्या, संवाददाता। रामनगरी में काशीराम कालोनी के सामने स्थित भूमि पर रामायण कालीन इतिहास पर आधारित वैक्स म्यूजियम का निर्माण कराया जा रहा है। इस संग्रहालय में भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र की घटनाओं एवं रामायण कालीन इतिहास से सम्बन्धित मोम से बनी म्यूरल्स स्थापित किये जाएंगे। मण्डलायुक्त ने नगर आयुक्त के साथ गुरुवार की शाम काशीराम कालोनी के सामने स्थित निर्माणाधीन वैक्स म्यूजियम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने सम्बन्धित संस्था को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बताया गया कि श्री राम जन्म भूमि प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपरान्त श्रद्धालुगण की संख्या में उत्तरोत्तर वृद्धि हो रही है। अयोध्या आने वाले श्रद्धालु तीर्थाटन के साथ साथ अयोध्या के प्राचीन इतिहास की जानकारी प्राप्त कर सके। इस उद्देश्य से वैक्स म्यूजियम का निर्माण कराया जा रहा है। इस संग्रहालय में श्रद्धालुगण त्रेतायुगीन रामायण कालीन इतिहास की जानकारी से चित परिचित होंगे। मण्डलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि यथाशीघ्र श्री राम चन्द्र जी के जीवन चरित्र पर आधारित मोम संग्रहालय आमजन के अवलोकनार्थ प्रस्तुत किया जाएगा। इस संग्रहालय का अवलोकन कर श्रद्धालुगण रामायण कालीन इतिहास की घटनाओं कोे अपने स्मृतियों में अपने साथ ले जाएंगे। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि अयोध्या प्राचीन धार्मिक, पौराणिक एवं आध्यात्मिक नगरी है। इसकी गरिमा के अनुरूप रामायण कालीन इतिहास को विश्वपटल पर रखने व श्रद्धालु अयोध्या की प्राचीन परम्परा एवं आध्यात्मिकता की पृष्ठ भूमि से परिचित हो। इसी उद्देश्य से अयोध्या में नागरिक सुविधाओं के विकास के साथ साथ पर्यटन के प्रोत्साहन के दिशा में निरन्तर कार्यवाही की जा रही है। यह संग्रहालय श्रद्धालुगण के प्रमुख आकर्षण का केन्द्र होगी।
---
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।