सीवर डालकर छोड़ दिया गड्ढा, बड़ी आबादी परेशान

Newswrap हिन्दुस्तान, अयोध्या
share

Ayodhya News - अयोध्या में जल निगम द्वारा सीवर लाइन डालने का कार्य धीमी गति से चल रहा है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। लक्ष्मी सागर वार्ड में गड्ढा छोड़े जाने के कारण बड़ी आबादी को परेशानी हो रही है। पार्षद वकार अहमद ने जल निगम से शीघ्र कार्य पूरा करने की मांग की है।

सीवर डालकर छोड़ दिया गड्ढा, बड़ी आबादी परेशान

अयोध्या, संवाददाता। शहर में दूसरे चरण के तहत सड़कों और गली मोहल्लों में सीवर लाइन डालने का कार्य कराया जा रहा है। जल निगम नगरीय द्वारा ठेके पर कराये जा रहे कार्य की धीमी गति से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। लक्ष्मी सागर वार्ड में सीवर लाइन डालने के बाद गड्ढा छोड़ दिया गया है। गड्ढे को सही ढंग से न पाटे जाने के कारण बड़ी आबादी को राह चलने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सीवर में उपयोग होने वाले संसाधनों को सड़क किनारे ढेर किये जाने से भी वाहनों के आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं।लक्ष्मी

सागर वार्ड के पार्षद वकार अहमद का कहना है कि जल निगम ने सड़क को खोदकर सीवर पाइप तो डाल दिया है, लेकिन खोदी गई सड़क को सही नहीं किया गया। कई दिनों से आगे का कार्य नहीं हो रहा है। एक दिन पहले ही बरसात में वजीरगंज तिराहे से जनौरा को जाने वाली मुख्य सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। बारिश में इसमें पानी भर रहा है जिससे करीब पांच हजार की आबादी को आवागमन में बहुत परेशानी होती है। वाहनों के गुजरने में भी परेशानी हो रही है। इस मार्ग पर स्कूल, अस्पताल और व्यवसायिक स्थल है, जहां सैकड़ों वाहनों और हजारों लोगों का हर समय आना जाना होता है। लेकिन सड़क खुदी होने से खासकर बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। धूल उड़ने के कारण राहगीरों की आंखों में समस्या आ रही है। उन्होंने बताया कि सीवर लाइन डालने के काम देरी से होने के कारण उनके द्वारा प्रस्तावित नई सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। उन्होंने जल निगम से शीघ्र कार्य मुकम्मल कराये जाने की मांग की है। वहीं क्षेत्रीय निवासियों और दुकानदारों का कहना है कि सड़क किनारे स्थित दुकानों पर कोई ग्राहक खड़ा तक नहीं हो पा रहा है। धूल इतनी उड़ती है कि दुकानों पर गर्दा जमा हो जाता है। यदि बरसात से पहले सड़क नहीं बनी तो बहुत समस्या पैदा हो जाएगी।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।