जल्द ही नए लुक में नजर आएगी गुलाबबाड़ी
Ayodhya News - अयोध्या में गुलाबबाड़ी पार्क का सुंदरीकरण हो रहा है, जिसमें बच्चों के लिए झूले, स्लाइडर और ओपन जिम की व्यवस्था की जाएगी। पार्क का कार्य अयोध्या तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद द्वारा कराया जा रहा है। पुरातत्व विभाग की मंजूरी मिलने के बाद काम तेजी से चल रहा है और यह इस साल पूरा हो जाएगा।

अयोध्या, संवाददाता। बदलती अयोध्या में अब पार्कों के दिन बहुरते नजर आ रहे हैं। शहर के वार्डों में 32 नये पार्कों को बनाये जाने के बाद अब ऐतिहासिक स्थल नवाब शुजाउद्दौला की गुलाबबाड़ी पार्क के दिन भी बहुरने वाले हैं। गुलाबबाड़ी पार्क जल्द ही नये लुक में नजर आने वाला है। इस पार्क के सुंदरीकरण का कार्य अयोध्या तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद की ओर से कराया जा रहा है। यहां बच्चों के लिए मनोरंजन के संसाधनों उपलब्ध कराये जाने के साथ युवाओं के लिए ओपन जिम और योग तथा सुबह की सैर के लिए पाथ वे बनाया जा रहा है। गुलाबबाड़ी के पश्चिम दिशा में जो क्षेत्र कई वर्षों से झाडि़यों से ढका था, अब उसका सुंदरीकरण कराकर मनोरंजन और सैर के योग्य बनाया जा रहा है।
अयोध्या तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद की ओर से गुलाबबाड़ी में पार्क का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। यह प्रोजेक्ट दो लाख 97 लाख 66 हजार का है। विगत दो वर्षों से यहां सुंदरीकरण का काम इसलिए नहीं शुरू हो पाया था, क्योंकि पुरातत्व विभाग इसमें काम कराने के लिए राजी नहीं था। अब जबकि पुरातत्व विभाग की हरी झंडी मिल चुकी है तो यहां सुंदरीकरण काम तेजी से चल रहा है।अयोध्या तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद के सीईओ और नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार के अनुसार पुरातत्व विभाग की स्वीकृति मिलने के बाद गुलाबबाड़ी पार्क में सुंदरीकरण शुरू कराया गया है। यह इसी साल मुकम्मल हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पार्क में बाउंड्रीवाल की मरम्मत करायी जा रही है। बाउंड्री का रंगा रोगन और पेंटिंग कराकर आकर्षक बनाया जाएगा। इसके अलावा बच्चों के खेल कूद और मनोरंजन के लिए झूले लगाये जाएंगे और स्लाइडर लगेगा। पाथ वे बनेगा। युवाओं के लिए ओपन जिम की स्थापना की जाएगी। सफाई बनाये रखने के लिए डस्टबिन रखे जाएंगे। काम तेजी से चल रहा है। शहर के नागरिकों की सुविधा के लिए यह पार्क काफी आकर्षक और उपयोगी होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


