Hindi NewsUttar-pradesh NewsAyodhya NewsAyodhya s Agarsen Ward A Tale of Neglect Amidst Development Claims
बोले अयोध्या...विकास के नाम पर वार्ड का नाम बदला, हालात नहीं

बोले अयोध्या...विकास के नाम पर वार्ड का नाम बदला, हालात नहीं

संक्षेप: Ayodhya News - अयोध्या का महाराजा अग्रसेन वार्ड, जो कभी व्यापार का केंद्र था, आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। यहां जल निकासी, पेयजल, और सड़कें खराब हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास के नाम पर केवल नाम बदला गया है, जबकि उनकी समस्याएं जस की तस हैं।

Sun, 9 Nov 2025 11:02 PMNewswrap हिन्दुस्तान, अयोध्या
share Share
Follow Us on

बोले अयोध्या...विकास के नाम पर वार्ड का नाम बदला, हालात नहीं बोले अयोध्या- अग्रसेन वार्ड का हाल- पार्ट-1 कभी शहर में थोक कारोबार का केंद्र हुआ करता था। समय काल ने करवट ली और विकास ने रफ्तार पकड़ी। चकाचौंध का पदार्पण हुआ और सब कुछ आधुनिकता में रंगने लगा मगर शहर के कारोबार का मुख्य केंद्र और इसके आसपास का इलाका विकास की छाया से लगभग दूर ही रहा। अवध के नवाब के समय बसे इस गलियों के मोहल्ले में मूलभूत सुविधाएं दूर ही रहीं। हम बात कर रहे हैं फतेहगंज चौराहे के पास स्थित महाराजा अग्रसेन वार्ड की। ऐतिहासिक मकबरा रोड के नाला से लेकर लालबाग से होकर जप्ती वजीरगंज के बीच मोतीबाग तक फैले इस वार्ड की पहचान गलियों से है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

पेश है बोले टीम की एक रिपोर्ट... अयोध्या। वैदिक समाजवाद के प्रवर्त्तक,रामराज्य के पोषक और समाजवाद के प्रथम प्रणेता सूर्यवंशीय राजा राम के वंशज महाराजा अग्रसेन के नाम से जाना जाने वाला नवाबी काल में स्थापित फतेहगंज के इर्द-गिर्द बसा इलाका आज भी मूलभूत सुविधाओं से महरूम है। अयोध्या और फ़ैजाबाद नगर पालिका को संयुक्त कर अयोध्या नगर निगम का निर्माण होने के बाद इस इलाके का नाम तो प्रजा और राज्य हित में अतुलित शक्ति और सामर्थ्य के प्रतीक इंद्र के खिलाफ युद्ध छेड़ने वाले अग्रसेन के नाम पर तो कर दिया गया,लेकिन वार्ड के वाशिंदों का हाल जस का तस जैसा है। महाराजा अग्रसेन की ओर से समाजवाद को बढ़ावा देने के लिए राज्य में आकर बसने वाले हर परिवार के लिए सरकारी मदद का प्राविधान किया गया था,लेकिन वर्तमान में यहां समाजवाद राजनीतिक में ही जीवित बचा है। वार्ड का पार्षद समाजवादी पार्टी से होने के कारण भी क्षेत्र में विकास न कराये जाने का आरोप लगता है। वार्ड का एक सिरा मकबरा रोड स्थित नाले से घिरा है,जिसका काफी समय पूर्व निर्माण कराया गया था, लेकिन एक थोड़े हिस्से में ही निर्माण हो पाया है। दूसरी तरफ वजीरगंज से हैदरगंज होते हुए साहबगंज की ओर बहने वाला नाला है। जिसका निर्माण होना है। नाला को पक्का किया जाना है,लेकिन अभी इस वार्ड में नाले पर काम शुरू नहीं हो पाया है। स्थानीय लोग बताते हैं कि कभी लालबाग की ओर से आने वाले इस नाले के अगल-बगल बगिया हुआ करती थी लेकिन नाले के गंदे पानी से बगिया इतिहास का हिस्सा बन गई। अगल-बगल की जमीनों पर लोगों ने अपने घर बना लिए,लेकिन शहर क्षेत्र में होने के बावजूद सब अनियोजित ही रहा। पूरे वार्ड पर नजर डालें तो मुख्य मार्ग के अलावा कहीं चौड़ी और काली सड़क नजर नहीं आती। कहीं-कहीं पक्की सड़क थी भी,जो क्षतिग्रस्त हो चुकी है। घनी बस्ती वाले इस वार्ड में जगह-जगह गलियों का जाल बिछा है। गलियां संकरी होने के कारण आवागमन में दिक्क्त होती है। इतना ही नहीं गलियों के संकरी होने के साथ वह अतिक्रमण की चपेट में हैं। स्थानीय निवासियों ने अपने-अपने घरों के सामने सीढ़ी बनवा ली है, जिसके गलियां और सिकुड़ गई हैं। निवासियों की ओर से अपने घर के बाहर मोटरसाइकिल और स्कूटी आदि खड़ा किये जाने से दूसरे बाइक को गुजरने में दिक्क्त होती है। लोगों एक कहना है कि आजादी के इतने दशक बीत जाने के बावजूद इस वार्ड के मोहल्लों में अभी तक स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति के लिए पाइपलाइन तक नहीं बिछ पाई। पूरे मोहल्ले में गंदे पानी के निकास के लिए अभी तक ठीक से नाली की व्यवस्था नहीं हो पाई है। कामचलाऊ नाली के सहारे काम चल रहा है। बरसात के मौसम में तो बारिश के पानी को निकलने में काफी समय लगता है। स्थान का अभाव होने के कारण सीवर लाइन का भी काम नहीं हो पा रहा है। शहर के अधिकांश हिस्सों में बिजली की केबिल अंडरग्रांड की गई है और की जा रही है तथा हर घर जल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाई गई है, लेकिन इस वार्ड के मोहल्लों में अभी भी बिजली के तार झूलते नजर आते हैं। सीवर लाइन और गैस पाइपलाइन को लेकर अभी कोई कवायद ही नहीं शुरू हो पाई है। आपात स्थित में हालता से निपटने के लिए वार्ड में सुविधाओं का अभाव है। कहीं आग लग जाने पर अग्निशमन की गाड़ी को मौके तक पहुंचने के लिए समुचित मार्ग नहीं है। कुछ वर्ष पूर्व बटन कारोबारी के घर व गोदाम में लगी आग के दौरान ऐसे हालत से दो-चार होना पड़ा था। वार्ड के एक इलाके में देशी मिठाई खाजा,गुड़ धनिया,सेव आदि का निर्माण किया जाता है। बिजली के खंभों पर स्ट्रीट लाइट न होने के शाम होने के बाद गलियों में अँधेरा पसर जाता है। फतेहगंज से खिड़की अली बेग के बीच स्थित नाले को पक्का कराया गया था और इस पर सीमेंटेड स्लैब भी ढलवाया गया था लेकिन यह जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया है और बरसात में गंदा पानी ओवरफ्लो होने लगता है। मुख्य सड़क पर राशन,तेल,घी आदि का थोक कारोबार होने के कारण कभी रोड जाम इस मोहल्ले की पहचान हुआ करती थी। क्षेत्र से थोक कारोबार को अलग स्थानांतरित करने और लालबाग और मकबरा मार्ग स्थित रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठा करती थी। अब लालबाग क्रासिंग पर रेलवे ओरवरब्रिज का निर्माण हो गया तो क्षेत्र के कारोबारी अपना कारोबार सिमटने का दुखड़ा रोने लगे हैं। चौराहे स्थित खान-पान और अन्य के दुकानदार भी प्रभावित हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या हम लोगों की नियति बन गई है। कभी क्षेत्र से सब्जी मंडी हटी थी तो सविधाओं एक विस्तार की आस जगी। फिर कारोबार को ट्रांसपोर्ट नगर स्थांनातरित किये जाने और रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण होने पर बदलाव की चर्चा हुई,लेकिन क्षेत्रवासियों को समस्याओं से निजात मिलती नहीं दिख रही। बोले अयोध्या- अग्रसेन वार्ड का हाल- पार्ट-2 समस्या- 1- वार्ड में कई लोगों ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर लिया है। 2- सड़क गड्ढों मे तब्दील हो जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। 3- वार्ड मे 20 साल बाद भी पेयजल लाइन नहीं बिछाई जा सकी है। 4- वार्ड के बीच से गुजरा नाला जगह-जगह कूड़े से भटा पड़ा है। 5- बच्चों के खेलने के लिए एक भी खेल का मैदान नहीं है। सुझाव- 1- वार्ड मे सरकारी जमीन पर किए गया अतिक्रमण को हटाना जरूरी है। 2- गड्ढों मे तब्दील सड़क को सही कराया जाए जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। 3- लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पेयजल लाइन बिछाई जाए। 4- वार्ड के बीच से गुजरे नाले को समय समय पर साफ कराते रहना चाहिए। 5- वार्ड में बच्चों के खेलने के लिए एक खेल का मैदान या पार्क की व्यवस्था जल्द की जानी चाहिए। इनसेट-1 अतिक्रमण से कराह रहा वार्ड,लोग हो रहे परेशान तीन से चार दशक पूर्व बसा अग्रसेन वार्ड आज अतिक्रमण की वजह से कराह रहा है। जगह जगह लोगों के द्वारा टीन शेड रखकर या घर बनाकर नजूल की भूमि कब्जा कर लिया गया है। आज आलम यह है कि मोहल्ले के लोगों को तंग गलियों से गुजरना पड़ रहा है। वार्ड के ही रहने वाले मोहम्मद जीशान ने बताया कि एक दशक पूर्व इतना अतिक्रमण नहीं था जितना अब हो गया है। आज अतिक्रमण की वजह से एक ऐसी जगह नहीं बची कि जहां छोटे-मोटे कार्यक्रम आयोजित किया जा सके। अतिक्रमण की वजह से बच्चे घर के दस बाई दस के कमरे में ही खेलने को मजबूर हैं। इनसेट-2 जल निकासी की नहीं है कोई व्यवस्था दशकों पूर्व बसा यह वार्ड आज भी जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का शिकार रहा है। इस उपेक्षा का दंश आज यहां के लोग भुगत रहे हैं। वार्ड की रहने वाली सरवर जहां ने बताया कि आज तक किसी ने जल निकासी के लिए कोई काम नहीं किया है जिसकी वजह से लोग घरों के अगल-बगल छोटा सा गड्ढा खोद कर घर का पानी निकालते हैं। बरसात के समय मे जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने से पूरे मोहल्ले में जल जमाव कई दिनों तक बना रहता है। जल जमाव के बाद हुए कीचड़ के कारण घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक समस्या बूढ़ों व बच्चों को होती है जो कीचड़ की वजह से रास्ता पार नहीं कर पाते हैं। इनसेट-3 वार्ड में जलापूर्ति की नहीं है कोई व्यवस्था वार्ड के लोगों के माने राजनीतिक दुर्भावना के चलते आज तक यह वार्ड मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। सरकार जहां हर घर नल जल योजना के तहत लोगों को स्वच्छ पेय जल दिलाने का बेड़ा उठा रखा है वहीं आज भी जिम्मेदार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के चलते यहां की हजारों की आबादी के चलते स्वच्छ पेयजल से कोसों दूर हैं। जहां जनपद में ग्रामीण क्षेत्र से लेकर शहरी क्षेत्र के मोहल्लों मे पेयजल के लिए गलियों व सड़कों को खोदकर पाइप लाइन बिछा दी गई है। शहरी क्षेत्र के अधिकांश वार्डों को जलापूर्ति भी की जाने लगी है वहीं इस वार्ड में अभी तक पेयजल के लिए पाइप लाइन तक नहीं बिछाई जा सकी है। आज भी यहां के लोग सबमर्सिबल जैसे निजी संसाधनों के द्वारा ही पेयजल की व्यवस्था कर रहे रहे हैं। इनसेट- लोग रखें ध्यान तो अतिक्रमण से मुक्त रहें रास्ते जब भी कहीं कोई समस्या होती है तो लोग समस्या के हल के लिए सिर्फ शासन-प्रशासन का ही मुंह देखते हैं। स्थानीय स्तर पर कुछ समस्याएं ऐसी भी होती हैं कि यदि लोग जागरूक बने तो उसे स्थानीय स्तर पर ही निपटा सकते हैं। लेकिन लोग उस समस्या को दूर करने के लिए आगे नहीं आना चाहते। ऐसी ही समस्याओं मे से अतिक्रमण भी एक समस्या है अग्रसेन वार्ड के खीर गली मोहल्ले की जिसे लोग चाहें तो खुद दूर कर सकते हैं। खीर गली मोहल्ले के रास्ते सकरे हैं उस पर भी लोग घर के आगे रास्ते तक सीढ़ी बनाकर रास्ते पर अतिक्रमण कर लेते हैं। यदि लोग चाहें तो मार्ग पर सीढ़ी न बनाकर अतिक्रमण की समस्या से बच सकते हैं। इसके साथ ही घर से निकलने वाला कूड़ा करकट सही जगह भेंजे तो कुछ हद तक गंदगी से भी निजात मिल सकती है। बोले लोग-: वार्ड स्थित नाले की समय समय पर सफाई न होने से बारिश के मौसम मे चारों तरफ जलभराव हो जाता है इसके साथ ही जगह जगह कूड़े फंसने की वजह से आए दिन नाले से दुर्गन्ध से लोग परेशान रहते हैं। अरवी पूरा वार्ड अतिक्रमण के चलते कराह रहा है। इसकी शिकायत कई बार की गई लेकिन किसी जिम्मेदार अधिकारी ने अतिक्रमण को हटाने की जहमत मोल नहीं ली। अतिक्रमण न हटने से वार्ड में कहीं खुले में बैठने तक की जगह नहीं बची है। मोहम्मद जीशान वार्ड में समय-समय पर सफाई न होने के चलते चारों तरफ गंदगी ही फैली रहती है। सफाई न होने से जहां तहां कूड़े का ढेर लगा रहता है। ऐसी दशा मे यहां कभी भी संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं। सोनू तीन से चार दशक पूर्व यह वार्ड बसा ऐसा हमारे बुजुर्ग कहते हैं लेकिन यहां की सड़कों व गलियों मे कहीं भी स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई जा सकी है। स्ट्रीट लाइट न होने की वजह से रात के समय मे लोगों को काफी दिक्कते होती हैं। जावेद वार्ड में आज तक सीवर लाइन नहीं बिछाई जा सकी है। सीवर लाइन की व्यवस्था न होने से घर के जल की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। घरों से निकलने वाला पानी गलियों मे ही भरा रहता है। सीवर लाइन की व्यवस्था जल्द की जानी चाहिए। मोहम्मद अल्माज आज भी इस वार्ड के खीर गली के रहने वाले यहां के लोग सबमर्सिबल जैसे निजी संसाधनों के द्वारा ही पेयजल की व्यवस्था कर रहे रहे हैं। जबकि पूरे जनपद में पेयजल के लिए पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। यहां भी पेय जल पाइप लाइन बिछनी चाहिए। सबी अहमद वार्ड के खीर गली मोहल्ले मे कई लोगों के द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। अतिक्रमण के चलते आज आलम यह है कि मोहल्ले के लोगों को तंग गलियों से गुजरना पड़ रहा है। अतिक्रमण को हटवाया जाना जरूरी है। जियाउद्दीन बोले जिम्मेदार: इस बारे में अपर नगर आयुक्त भारत का कहना है कि नगर निगम की ओर से विभिन्न योजनाओं के तहत काम कराने के लिए प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा जाता है। वर्तमान में निगम के विस्तारीकरण क्षेत्र में तेजी से काम चल रह है। शहर में पहले चरण में मुख्य मार्ग रामपथ के आस-पास निर्माण और विकास का कार्य कराया गया है। दूसरे चरण में गली-मोहल्ले में नाली, सड़क,खड़ंजा,स्ट्रीट लाइट आदि का कार्य होता है। जिसके लिए मुख्यमंत्री,स्मार्ट सिटी,शहरी अभ्युदय आदि योजना में प्रस्ताव शासन में विचाराधीन है। अग्रसेन नगर वार्ड में प्राधिकरण की ओर से नाला निर्माण का काम कराया जा रहा है। वार्ड में निर्माण और विकास के कारण कुछ सड़के क्षतिग्रस्त हुई हैं। स्थान की उपलब्धता के आधार पर नाली-खड़ंजा,सड़क आदि का काम कराया जाना है। शासन से हरी झंडी मिलते ही निर्धारित प्रक्रिया पूरी करवा काम शुरू करवा दिया जाएगा।