सूर्यकुंड पर 84 कोसी परिक्रमार्थियों ने किया विश्राम
Ayodhya News - बीकापुर में ऊच गांव स्थित सूर्य कुंड में अयोध्या धाम की 84 कोसी परिक्रमा का आयोजन हो रहा है। महंत स्वामी गया शरण के नेतृत्व में श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे हैं। यात्रा 240 किमी लंबी है और इसमें सामाजिक कार्यकर्ता भी सेवा में लगे हैं। 84 कोसी परिक्रमा से 84 लाख योनियों के चक्र से मुक्ति का विश्वास है।

बीकापुर , संवाददाता। ऊच गांव स्थित सूर्य कुंड में अयोध्या धाम की 84 कोसी परिक्रमा का पड़ाव बना हुआ है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु विश्राम कर रहे हैं। श्रीरामलला चैरिटेबल ट्रस्ट एवं श्रीसद्गुरु कृपा मण्डल के तत्वावधान में आयोजित यह परिक्रमा महंत स्वामी गया शरण के नेतृत्व में आगे बढ़ रही है। करीब 240 किलोमीटर लंबी यह परिक्रमा पांच जिलों से होकर गुजरती है और लगभग 22 दिनों तक चलती है। यात्रा के दौरान साधु-संतों और श्रद्धालुओं का जत्था विभिन्न पड़ावों पर रुककर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेता है। पड़ाव स्थल पर श्रद्धालुओं की सेवा में सामाजिक कार्यकर्ता पवन कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ जुटे रहे।
उनके नेतृत्व में भोजन, शुद्ध पेयजल और नाश्ते की समुचित व्यवस्था की गई है। वहीं चरावा ग्राम सभा के पूर्व प्रधान संदीप तिवारी भी सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा। धार्मिक मान्यता है कि 84 कोसी परिक्रमा करने से 84 लाख योनियों के चक्र से मुक्ति मिलती है। यह परिक्रमा भगवान श्रीराम की लीला भूमि के चारों ओर की जाती है और इसे आस्था, तप व भक्ति का प्रतीक माना जाता है। पड़ाव पर श्रद्धालु रात्रि विश्राम कर अगले दिन यात्रा के लिए प्रस्थान करेंगे। पूरे क्षेत्र में जय श्रीराम के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। आयोजकों के अनुसार, यह परिक्रमा सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश भी देती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


