खाद्य सुरक्षा की आडिट टीम ने किया राम मंदिर की रसोई का निरीक्षण
Ayodhya News - अयोध्या में राम मंदिर में भगवान रामलला के लिए भोग प्रसाद का प्रमाणीकरण करने से पहले, एफएसएसएआई की आडिट टीम ने रसोई का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, कर्मचारियों का स्वास्थ्य और प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई। आडिट प्रक्रिया पूरी होने के बाद भोग सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा।

अयोध्या। राम मंदिर में रामलला को लगाए जाने वाले भोग प्रसाद को भारतीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अन्तर्गत गठित खाद्य सुरक्षा स्टैण्डर्ड अथारिटी आफ इंडिया (एफएसएसएआई) के द्वारा प्रमाणीकरण प्रमाण पत्र निर्गत करने के पहले बुधवार को आडिट टीम ने श्रीराम जन्मभूमि के रसोई का निरीक्षण किया। इस दौरान भोग प्रसाद के परीक्षण के साथ खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता एवं सभी सामग्रियों एवं उनके रखरखाव की व्यवस्था के अलावा वहां कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य का भी परीक्षण किया गया। इसके साथ सभी एक दर्जन कर्मचारियों को सीएमओ के द्वारा नामित चिकित्सक डा. प्रदीप कुमार एवं एफएसएसएआई द्वारा नामित ट्रेनिंग पार्टनर के विशेषज्ञों के द्वारा प्रशिक्षित भी किया गया।
इस बारे सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त मानिक चंद सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के नोडल एजेन्सी एफएसएसएआई, नई दिल्ली द्वारा संचालित ईट राईट इनिशिएटिव प्रोग्राम के अन्तर्गत संचालित छह कार्यक्रमों में एक भोग प्रसाद (ईश्वर को अर्पित की जाने वाली आन्नदमय स्वच्छ भेंट) का कार्यक्रम है। इसके अन्तर्गत मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम को परोसे जाने वाले भोजन का भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा भोग का प्रमाणीकरण कराया जाना प्रस्तावित है।उन्होंने बताया कि बुधवार को श्रीरामजन्म भूमि परिसर के अन्तर्गत स्थित रसोई जहां से भगवान श्रीराम का प्रसाद बन कर प्रभु श्रीराम को चढ़ाया जाता है में एफएसएसएआई द्वारा नामित ट्रेनिंग पार्टनर एसडी ग्लोबल सर्टीफिकेशन ने भगवान श्रीराम के लिए स्थापित किचन में उपस्थित सभी 12 फूड हैन्डलर को बेसिक फास्टेक ट्रेनिंग दिया । मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा नामित डाॅ प्रदीप कुमार द्वारा समस्त फूड हैन्डलर का मेडिकल चेकअप(टीबी और त्वचा रोग व अन्य कान्टामिनेटेड रोग) की जांच की गई। साथ ही साथ आडिट एजेन्सी द्वारा भोग के चेकलिस्ट के समस्त मानको (जैसे पानी की जांच, पेस्ट कंट्रोल, मेडिकल चेकअप, फ्रिज का तापमान, स्टोर रूम आदि) की जांच की गई। उन्होंने बताया कि जो मानको के अनुरूप पाए गए तथा भोग के लिए समस्त बेसिक प्रपत्रों की जांच की गई। आडिट एजेन्सी द्वारा आज प्रीआडिट करा ली गई है । यह आडिट गुरुवार को भी होगी। बताया गया कि पोस्ट आडिट के बाद एफएसएसएआई के वेबसाईट पर अपलोड कर भोग सर्टिफिकेट का प्रमाणीकरण करा दिया जाएगा। इसके 56 घंटे के उपरांत सर्टीफिकेट जनरेट कर तीर्थ क्षेत्र को सौंप दिया जाएगा। इस कार्यक्रम के संचालन में महासचिव राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र चम्पत राय, पुलिस अधीक्षक(सुरक्षा) बलरामाचारी दुबे, अपर जिलाधिकारी इन्द्रकान्त द्विवेदी, मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव व आडिट एजेन्सी के अधिकारी मौजूद रहें।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


