नगर निगम के निर्माणाधीन भवन का महापौर ने किया निरीक्षण
Ayodhya News - अयोध्या में महापौर ने सदर तहसील के निकट नगर निगम के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। सभी फ्लोर का अवलोकन करने के बाद, फिनिशिंग कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया। नगर निगम और अयोध्या विकास प्राधिकरण का संयुक्त भवन लगभग तैयार है, जिसमें आधुनिक सुविधाओं का ध्यान रखा गया है।

अयोध्या, संवाददाता। सिविल लाइन में सदर तहसील के निकट नगर निगम के निर्माणाधीन नए भवन का महापौर ने बुधवार को निरीक्षण किया। उन्होंने यहां भवन के सभी फ्लोर को देखा और फिनिशिंग कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।महंत गिरीश पति त्रिपाठी अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, सहायक अभियंता सिविल राजपति यादव के साथ बुधवार को साढ़े 12 बजे नगर निगम के निर्माणाधीन कार्यालय भवन पहुंचे। यहां ठेकेदार बैग माइन इंटरप्राइजेज बरेली के परियोजना प्रबंधक महाराज शर्मा एवं पीएमसी दिवाकर के साथ सभी मंजिल पर जाकर प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान पाया गया कि नगर निगम एवं अयोध्या विकास प्राधिकरण का संयुक्त प्रशासनिक भवन लगभग बनकर तैयार हो चुका है।
अब फिनिशिंग कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अत्याधुनिक ढंग से बनाए जा रहे इस भवन में रैंप का निर्माण कार्य चल रहा है। लिफ्ट लगाने की तैयारी हो चुकी है। बताया गया कि नगर निगम और एडीए का प्रवेश द्वार अलग-अलग होगा, हालांकि प्राधिकरण के हिस्से की बिल्डिंग में पांचवीं मंजिल नगर निगम की होगी। इसमें नगर आयुक्त का कार्यालय बनाया जाएगा यहीं सभी अपर आयुक्त भी बैठेंगे। दो हिस्सों में बन रहा यह भवन पांच मंजिला होगा। इसमें सोलर पैनल का इस तरह से लगाया जाएगा कि बिजली जाने पर भी आधे घंटे का बैकअप मिल सके। यहां भूमिगत पार्किंग के साथ अत्यधिक अग्निशमन सुरक्षा एवं बेहतर जल प्रबंधन का भी इंतजाम किया गया है। इसके बेसमेंट में 292 वाहनों की पार्किंग की सुविधा शुरू होगी। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि महापौर ने अधिकारियों से फिनिशिंग कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। परियोजना प्रबंधक महाराज शर्मा ने नगर निगम को भवन हैंडओवर करने के लिए तीन माह का समय मांगा। इस दौरान पार्षद अभिनव पांडे भी थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


