
कुचेरा बाजार ने टड़िया को हराकर जीती सीनियर वॉलीबाल प्रतियोगिता
Ayodhya News - अयोध्या में विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में युवा कल्याण विभाग द्वारा 'विधायक खेल स्पर्धा' का आयोजन किया गया। विधायक चंद्रभानु पासवान ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विशाल वर्मा ने आयोजन की जिम्मेदारी ली। प्रतियोगिता में सैकड़ों बच्चों ने भाग लिया और विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाई।
अयोध्या,संवाददाता। विकासखंड मिल्कीपुर क्षेत्र स्थित विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग द्वारा ‘विधायक खेल स्पर्धा’का आयोजन किया गया। मिल्कीपुर के विधायक चंद्रभानु पासवान ने फीता काटकर खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने चार सौ मीटर दौड़ के लिए सीनियर बालक वर्ग के खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर दौड़ प्रारंभ कराई। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी मिल्कीपुर व हैरिंग्टनगंज विशाल वर्मा को इस खेल स्पर्धा का प्रभारी नोडल अधिकारी नामित किया गया था। इस आयोजन में ग्रामीण क्षेत्रों के सैकड़ों बच्चों ने भाग लिया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता विधानसभा स्तर पर पुरुष और महिला एथलेटिक्स,वॉलीबाल,कुश्ती,कबड्डी,गोला फेंक और बैडमिंटन जैसे खेलों के लिए आयोजित की गई है,जिसमें सीनियर,जूनियर और सब जूनियर बालक-बालिका वर्ग शामिल हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स, लंबी कूद और वॉलीबॉल जैसे खेलों का आयोजन किया गया। सीनियर वॉलीबॉल का फाइनल मुकाबला कुचेरा बाजार ने जीता, जबकि टड़िया उपविजेता रही। जूनियर और सब जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में देवरिया के खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान हासिल किया। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में सीनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में शांति प्रथम,खुशी द्वितीय और चांदनी मिश्रा तृतीय स्थान पर रहीं। सब जूनियर बालिका वर्ग की 200 मीटर रेस में पलक ने पहला,अर्चिता ने दूसरा और शालिनी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर जूनियर बालक वर्ग में विशाल प्रथम और शिवा तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर बालक वर्ग की 100 मीटर रेस में पीयूष साहू प्रथम,शिवा द्वितीय और ऋषभ तृतीय स्थान पर रहे। पहले दिन की खेल समाप्ति के बाद क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विशाल वर्मा ने बताया कि शेष प्रतियोगिताएं आज संपन्न कराई जाएंगी। खेल प्रतियोगिता के दौरान एसडीएम मिल्कीपुर सुधीर कुमार,अमित सिंह,बृजेश मिश्रा,मोहम्मद हुसैन सहित कई लोग मौजूद रहे। ---

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




