जिले को मिलेगी तीन अत्याधुनिक ट्रू-नॉट मशीनें
Ayodhya News - अयोध्या में स्वास्थ्य विभाग टीबी मरीजों की जांच के लिए तीन नई ट्रू-नॉट मशीनें प्राप्त करने जा रहा है। ये मशीनें चार मरीजों के सैंपल की एक साथ जांच कर सकती हैं। इस समय जिले में 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान चल रहा है, जिसमें मरीजों की जांच की जा रही है और उन्हें उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्रों पर भेजा जा रहा है।

अयोध्या, संवाददाता। जिले में टीबी मरीजों की जांच व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को जल्द ही तीन नई अत्याधुनिक ट्रू-नॉट मशीनें मिलने जा रही हैं। इनको विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों पर भेजा जाएगा। इस समय जिले में 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान चल रहा है। जिला क्षय रोग अधिकारी डा. संदीप शुक्ला ने बताया कि नई ट्रू-नॉट मशीनों में एक साथ चार मरीजों के सैंपल की जांच करने की सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि ट्रू-नॉट मशीन के जरिए बलगम की जांच कर टीबी के बैक्टीरिया के जीन का पता लगाया जाता है। यह मशीन केवल टीबी संक्रमण की पुष्टि ही नहीं करती, बल्कि यह भी बताती है कि मरीज को दी जा रही दवाएं प्रभावी होंगी या नहीं।
इससे दवा प्रतिरोधी टीबी के मामलों की पहचान करने में भी मदद मिलती है।उन्होंने बताया कि इस समय 100 दिवसीय सघन टीवी अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें अधिक से अधिक लोगो की टीबी की जांच करने को प्राथमिकता दी जा रही है। जांच के दौरान टीबी की पुष्टि होने पर मरीजों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले के तारुन, हैरिंग्टनगंज, बीकापुर, मसौधा, सोहावल, रुदौली, मवई, खण्डासा, मिल्कीपुर सीएचसी के साथ मेडिकल कालेज में ट्रू-नाट मशीन मौजूद है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


