Hindi NewsUttar-pradesh NewsAyodhya NewsAyodhya Deepotsav Comprehensive Security Measures for Festival Success

अयोध्या-दीपोत्सव के सुरक्षा और व्यवस्था का खाका तैयार

संक्षेप: Ayodhya News - अयोध्या में दीपोत्सव के सफल आयोजन के लिए पुलिस विभाग ने सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की है। सीसीटीवी कैमरों से कार्यक्रम स्थल की निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान सुरक्षा के लिए...

Thu, 16 Oct 2025 12:20 AMNewswrap हिन्दुस्तान, अयोध्या
share Share
Follow Us on
अयोध्या-दीपोत्सव के सुरक्षा और व्यवस्था का खाका तैयार

अयोध्या संवाददाता। प्रान्तीयकृत मेले का दर्जा हासिल दीपोत्सव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग ने सुरक्षा और व्यवस्था का पुख्ता खाका तैयार किया है। जिले में उपलब्ध पुलिस और पैरामिलेट्री फ़ोर्स के अलावा परिक्षेत्र और मुख्यालय से सुरक्षा बल और अधिकारी आवंटित हुए हैं। पूरे कार्यक्रम स्थल को सीसीटीवी कैमरे से आच्छादित किया जा रहा है और कमांड एन्ड कंट्रोल रूम से राउंड द क्लाक निगरानी की योजना बनाई गई है। तीन दिवसीय दीपोत्सव में अंतिम दिन मुख्यमंत्री स्वयं शिरकत करते हैं और रोजाना कार्यक्रमों का आयोजन चलता रहता है। दीपोत्स्व की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए जनपद पुलिस को नौ कंपनी पैरा मिलेट्री फ़ोर्स, तीन कंपनी रैपिड एक्शन फ़ोर्स,15 अपर पुलिस अधीक्षक, 31डिप्टी एसपी, 450 उपनिरीक्षक और 1400 आरक्षी-मुख्य आरक्षी अतिरिक्त मिले हैं।

साथ ही बीडीडीएस,एएस चेक टीम,डॉग दस्ते के साथ ख़ुफ़िया कर्मियों को भी अन्य जिलों से मंगाया गया है। ऑनलाइन निगरानी के लिए पूरे कार्यक्रम क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरे से कवर किया जा रहा है। सभी कैमरों को कमांड एन्ड कंट्रोल रूम से जोड़ा जा रहा है और अनवरत निगरानी के लिए कमांड एन्ड कंट्रोल रूम में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। बुधवार को जिलाधिकारी के साथ एसएसपी ने आयोजन स्थल का जायजा लेकर स्थलीय जानकारी हासिल की है। एसएसपी डा गौरव ग्रोवर ने बताया कि अतिमहत्वपूर्ण दीपोत्सव कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए सभी इंतजाम किये जा रहे हैं। कमांड एन्ड कंट्रोल रूम से अनवरत निगरानी कराई जाएगी। यातायात डाइवर्जन और पार्किंग की योजना बनाई गई है,जिसको लागू कराया जाएगा। सुरक्षा और व्यवस्था के लिए अतिरिक्त फ़ोर्स का आवंटन हुआ है। मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस अधिकारियों को तैनात किया जाएगा।