
जिले में ऑनलाइन मांसाहार सुविधा बंद होने से कंपनियां परेशान, जिम्मेदार सतर्क
Ayodhya News - अयोध्या में ऑनलाइन मांसाहार की सप्लाई पर रोक लगने से कंपनियों की आमदनी में कमी आई है। कर्मचारियों ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन से मदद मांगी, लेकिन उनकी अपील को खारिज कर दिया गया। नॉनवेज सप्लाई पर सख्त नियम लागू होने से कई युवाओं की रोजी-रोटी संकट में आ गई है।
अयोध्या, संवाददाता। रामनगरी में ऑनलाइन मांसाहार की सप्लाई बंद होने के कारण कंपनियों की आमदनी कई गुना कम हो गई है जिससे कर्मचारी परेशान हैं। मामले को लेकर एक कंपनी के कर्मचारियों ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक खाद्य आयुक्त से मुलाकात कर बीच का रास्ता निकालने की गुहार लगाई है लेकिन अधिकारी से प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है। धार्मिक नगरी में एक माह पूर्व रामधाम के पंचकोसी क्षेत्र में नानवेज खाद्य सामग्री के प्रतिबंध को सख्ती से लागू कर दिया है। क्योकि आरोप था कि फूड डिलीवरी एप्स के माध्यम से धार्मिक क्षेत्र में बने होटल, होमस्टे और रेस्टोरेंट आदि में नॉनवेज सप्लाई किया जा रहा है।
विरोध की आवाज तेज होने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने ऑनलाइन कंपनियों को सख्त दिशा- निर्देश जारी कर दिए। जानकारी के मुताबिक इसके बाद से कंपनियों में कार्य करने वाले युवकों की आमदनी भी आधे से कम हो गई है। नाम न छापने की शर्त पर एक ऑनलाइन कंपनी के अधिकारी ने बताया कि इस आदेश के बाद से दर्जनों युवाओं के रोजी-रोटी पर संकट छा गया है। कई कर्मियों को कंपनियां निकालने वाली हैं। इसी डर से सोमवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन कार्यालय की सहायक आयुक्त से कुछ लोगों ने मुलाकात की और अपनी समस्याओं को साझा किया लेकिन सहायक आयुक्त मानिक चंद्र सिंह ने सभी प्रकार की गुंजाइश को सिरे से खारिज कर दिया। सूत्रों के मुताबिक रेलवे पुलिस भी अयोध्या रेलवे स्टेशन से ट्रेनों में ऑनलाइन नॉनवेज सप्लाई को लेकर सतर्क है। इस संबंध में कुछ ऑनलाइन कर्मचारी से पूछताछ भी की गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




