Ayodhya News: अंबेडकर पार्क की भूमि से प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण
Ayodhya News: मिश्रौली गांव में अंबेडकर पार्क के लिए आरक्षित भूमि से अतिक्रमण हटाया गया है। शिकायतकर्ता सुंदरलाल यादव ने डीएम को पत्र देकर बिना नोटिस शौचालय ढहाने का आरोप लगाया है। उन्होंने उचित क्षतिपूर्ति और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामला दीवानी न्यायालय में 2019 से चल रहा है।

Ayodhya News: अमानीगंज,संवाददाता। क्षेत्र के मिश्रौली गांव में अंबेडकर पार्क के लिए आरक्षित भूमि से अतिक्रमण हटाया है। वहीं गांव निवासी कब्जेदार सुंदरलाल यादव ने आइजीआरएस पोर्टल पर डीएम को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बिना नोटिस सरकारी अनुदान पर बने शौचालय को ढहाने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने ध्वस्तीकरण की कार्यवाही कराने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई और क्षतिपूर्ति की मांग की है। शिकायतकर्ता ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि मिश्रौली गांव की गाटा संख्या 312ख, 310क के आंशिक भाग पर पुराना कब्जा है, उक्त भूमि पर प्रधानमंत्री शौचालय योजना के तहत चार व्यक्तियों के शौचालय बने थे।जिसके संबंध में दीवानी न्यायालय में 2019 से मुकदमा विचाराधीन है।
12 अगस्त को बिना किसी लिखित नोटिस के नायब तहसीलदार अमानीगंज, क्षेत्रीय कानूनगो व लेखपाल ने पुलिस बल के साथ बिना किसी लिखित नोटिस के ध्वस्त कर दिया। उनका आरोप है कि अतिक्रमण हटाने में भी प्रशासन द्वारा भेदभाव किया गया और दो कब्जीदारों के अवैध कब्जे नहीं हटाए गए। उन्होंने तोड़े गए शौचालय का पुनर्निर्माण कराने अथवा उचित क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है।


