बैनामे की जमीन पर कब्जा न मिलने से बरगद पर चढ़ा किसान, तहसील परिसर में घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
बैनामे की जमीन पर कब्जा न मिलने और राजस्व विभाग की कार्यशैली से नाराज एक किसान ने गुरुवार को बीकापुर तहसील परिसर में अनोखा विरोध प्रदर्शन कर प्रशासनिक
बीकापुर(अयोध्या) , संवाददाता। बैनामे की जमीन पर कब्जा न मिलने और राजस्व विभाग की कार्यशैली से नाराज एक किसान ने गुरुवार को बीकापुर तहसील परिसर में अनोखा विरोध प्रदर्शन कर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया। तारुन थाना क्षेत्र के बनकटवा इछौरी निवासी अवधेश वर्मा रस्सी लेकर तहसील परिसर स्थित बरगद के पेड़ पर चढ़ गया और न्याय की मांग को लेकर हंगामा करने लगा। किसान का आरोप है कि उसकी बैनामे की जमीन की पैमाइश सही ढंग से नहीं कराई गई है। विपक्षी द्वारा अधिक भूमि पर कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन शिकायतों के बावजूद उसे न्याय नहीं मिल रहा।
अपनी मांगों को लेकर वह बरगद के पेड़ पर चढ़ गया, जिससे तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार रामखेलावन मौके पर पहुंचे और किसान को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट राम प्रसाद त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक किसान से बातचीत कर उसकी समस्याएं सुनीं और मामले का समाधान कराने का आश्वासन दिया। काफी देर तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर अवधेश वर्मा पेड़ से नीचे उतर आया। इसके बाद उसे अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर उसकी शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। तहसील परिसर में हुए इस अनोखे विरोध प्रदर्शन की चर्चा दिनभर क्षेत्र में होती रही। राजस्व विवाद को लेकर किसान का यह कदम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


