UGC वापस हो या इच्छामृत्यु की अनुमति दो, अयोध्या के परमहंस आचार्य ने PM मोदी को लिखा पत्र
अयोध्या के परमहंस आचार्य ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखा। अयोध्या के जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने मोदी को पत्र भेजकर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) से जुड़े प्रस्ताव को वापस लेने या फिर उन्हें इच्छामृत्यु की अनुमति देने की मांग की है।

यूपी में UGC को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। प्रदेशभर में विरोध तेज हो रहा है। इस बीच विश्व हिंदू सिख महापरिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अयोध्या के जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) से जुड़े प्रस्ताव को वापस लेने या फिर उन्हें इच्छामृत्यु की अनुमति देने की मांग की है।
इस पत्र में जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने UGC के नए नियमों और नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा है कि UGC के नए प्रावधानों से राष्ट्र और समाज को नुकसान पहुंच रहा है। उनका आरोप है कि इन नियमों के माध्यम से देश की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है और युवाओं को वैचारिक रूप से भ्रमित किया जा रहा है।
पत्र में उन्होंने कहा है कि UGC की नीतियां भारत की सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना के खिलाफ हैं। उनका दावा है कि इससे राष्ट्रविरोधी सोच को बढ़ावा मिल रहा है और सामाजिक ताने-बाने को क्षति पहुंच रही है। इसी आधार पर उन्होंने प्रधानमंत्री से या तो UGC को तत्काल प्रभाव से वापस लेने या फिर उन्हें इच्छामृत्यु की अनुमति देने की मांग की है।
जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने पत्र में यह भी कहा है कि यदि सरकार इस विषय पर कोई ठोस निर्णय नहीं लेती, तो वे अपना विरोध और अधिक तीव्र करेंगे। उनका कहना है कि यह कदम उन्होंने राष्ट्रहित में उठाया है और वे इसे लेकर किसी भी स्तर तक जाने को तैयार हैं। इस पत्र के सामने आने के बाद राजनीतिक और शैक्षणिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। UGC को लेकर पहले से चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच अयोध्या से आई यह चिट्ठी विवाद को और गहरा सकती है। फिलहाल केंद्र सरकार या प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस पत्र पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

लेखक के बारे में
Deep Pandeyदीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी टीम में हैं। दीप का डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव है। यूपी के लखनऊ और वाराणसी समेत कई जिलों में पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखने का शौक है। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए हैं। सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं।
और पढ़ें



