अयोध्या मछली भोज पर बवाल; राजू दास ने लाइव डिबेट में ही कांग्रेस प्रवक्ता पर कर दी गालियों की बौछार

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

अयोध्या मछली भोज का मामला सीएम योगी के उठाने के बाद से बवाल में बदल गया है। लाइव टीवी डिबेट के दौरान ही हनुमानगढ़ी के संत राजू दास इतना भड़क गए कि कांग्रेस प्रवक्ता पर गालियों की बौछार कर दी।

raju das
कांग्रेस सम्मेलन में मछली भोज को लेकर टीवी लाइव डिबेट के दौरान ही राजू दास भड़क गए और गालियां देने लगे (फाइल फोटो)

अयोध्या में मछली भोज पर टीवी डिबेट के दौरान हनुमानगढी के संत राजू दास अपना आपा खो बैठे। वह लाइव शो के दौरान ही कांग्रेस प्रवक्ता को जूते मारने की धमकी देने के साथ ही गंदी गालियां देने लगे। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कांग्रेस इसे लेकर राजू दास के खिलाफ केस दर्ज कराने की तैयारी भी कर रही है। मछली भोज का मामला वैसे तो तीन दिन पहले का है लेकिन सोमवार को रायबरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे लेकर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधा तो वार-पलटवार का दौर तेज हो गया है। वहीं, अयोध्या के थाने में भी मछली भोज से भावना आहत होने की शिकायत करते हुुए तहरीर दी गई है।

मछली भोज को लेकर ही दूरदर्शन लाइव डिबेट हो रही थी। डिबेट में अयोध्या के हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास और कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद को बुलाया गया था। कांग्रेस प्रवक्ता अपना पक्ष रख रहे थे। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कार्यक्रम निषाद समाज का था, जहां पर अजय राय आए थे। इस देश में घूस खाना अपराध नहीं है, इस देश में भ्रष्टाचार करना अपराध नहीं है, भाजपा में गुंडागर्दी करना अपराध नहीं है। गाय के नाम पर हत्या करना अपराध नहीं है, लेकिन मछली खाना इनकी नजर में अपराध है, जो कि संविधान के किसी भी अनुच्छेद में इसका वर्णन नहीं है कि आप सावन के माह में मछली नहीं खा सकते हो।

चुप कहने पर भड़के राजू दास और…

राजू दास पर निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सौ-सौ चूहे खा के बिल्ली हज को चली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चार दिन पहले नॉनवेज खा रहे थे। सावन का माह है। लेकिन राजू दास के मुंह में दही जम गया, राजू दास नहीं बोले, किसी के मुंह से आवाज नहीं निकलती है। इस पर राजू दास ने जवाब देना चाहा तो कांग्रेस प्रवक्ता ने चुप कहकर उन्हें शांत कराना चाहा।

कांग्रेस प्रवक्ता का चुप सुनकर राजू दास भड़क गए। वह जूते मारने की धमकी देते हुए गंदी गालियां देने लगे। अचानकर लाइव डिबेट के दौरान इस तरह से धारा प्रवाह गालियां आने से महिला एंकर भी भौंचक रह गईं। उन्होंने भाषा की मर्यादा का ख्याल रखने की नसीहत देते हुए दोनों लोगों को शांत कराने की कोशिश की। बाद में दोनों को धन्यवाद देते हुए कार्यक्रम खत्म कर दिया गया।

क्या है मछली भोज का पूरा मामला

दरअसल, अयोध्या में रविवार को कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में मछली बनाई गई थी। सम्मेलन में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी पहुंचे थे। मछली बनते हुए कई वीडियो भी वायरल हुए। सोमवार को रायबरेली में आयोजित समारोह में सीएम योगी ने इसी मछली भोज को लेकर अजय राय पर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस के लोग विरासत का अपमान करते हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने जिस तरह का आचरण किया है, वह इसका उदाहरण है। हनुमानगढ़ी में दर्शन करते हैं, फिर बाहर जाकर मछली की दावत उड़ाते हैं। ये राम-राम चिल्लाते हैं। इनका दोहरा आचरण देखकर तो गिरगिट भी शरमा जाता होगा। वह कहता होगा कि मनुष्य के रूप में हमारी कौन-सी प्रजाति पैदा हो गई है।

अजय राय की चुनौती, फोटो दिखा दें तो इस्तीफा दे दूंगा

सीएम योगी के आरोपों पर अजय राय ने पलटवार करते हुए मछली खाने से इनकार किया। अजय राय ने कहा कि अगर मेरे मछली खाने की मुख्यमंत्री के पास कोई फोटो है तो दिखा दें। मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं। कहा कि निषाद समाज ने मुझे बुलाया था। मैं जब भी अयोध्या जाता हूं पहले हनुमानगढ़ी और भगवान राम के दर्शन करता हूं और फिर कार्यक्रम में जाता हूं। निषाद समाज के कार्यक्रम में वे मछली का भोज करा रहे थे, ये उनका काम था। मैं कार्यक्रम में शामिल हुआ और वापस लखनऊ लौट आया। मछली पालना, पकड़ा और खाना निषाद समाज की जीवनशैली में है। भाजपा निषाद समाज का अपमान कर रही है, निषाद समाज इसे भूलेगा नहीं।

थाने भी पहुंचा मछली भोज का मामला

वहीं, सावन में अयोध्या के तारुन क्षेत्र में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वागत कार्यक्रम के दौरान मछली भोज कराए जाने का विवाद थाने भी पहुंच गया है। जनसत्ता लोकतांत्रिक दल के ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने तारुन थाने में तहरीर देकर आयोजकों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 23 अगस्त को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम के दौरान तारुन बाजार स्थित मैरेज लॉन में मछली भोज का आयोजन किया गया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि सावन के पवित्र माह में कांवड़ मार्ग पर इस प्रकार का आयोजन श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। मामले को लेकर राजनीतिक विवाद भी सामने आया है। कार्यक्रम में मछली पकाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर धार्मिक भावनाओं के अपमान का आरोप लगाया।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsअयोध्या मछली भोज पर बवाल; राजू दास ने लाइव डिबेट में ही कर दी गालियों की बौछार