आउटसोर्स कर्मियों की भर्ती में घूस; अयोध्या छावनी बोर्ड का कर्मी 60 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

हिन्दुस्तान, वरिष्ठ संवाददाता, अयोध्या
Follow us on Google News
share

अयोध्या छावनी बोर्ड में आउटसोर्स भर्ती के नाम पर रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। सीबीआई ने ट्रैप ऑपरेशन में सफाई कर्मचारी जितेंद्र सिंह को 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी से नकदी और अभ्यर्थियों की सूची बरामद हुई।

Ayodhya Cantonment Board employee arrested for taking bribe
अयोध्या छावनी बोर्ड का कर्मचारी घूस लेते गिरफ्तार

अयोध्या छावनी बोर्ड में आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती के नाम पर रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की एंटी करप्शन शाखा ने छावनी बोर्ड के सफाई कर्मचारी जितेंद्र सिंह को 60,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई शहर के जेल परिसर के पीछे सीबीआई द्वारा चलाए गए ट्रैप ऑपरेशन के दौरान की गई। सीबीआई के अनुसार, आरोपी की मोटरसाइकिल की तलाशी में 50,000 रुपये नकद और भर्ती से संबंधित अभ्यर्थियों की एक सूची बरामद हुई। इसके अलावा उसकी जेब से 25,000 रुपये नकद भी मिले। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

आउटसोर्स कर्मियों की भर्ती में घूसखोरी

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि छावनी बोर्ड में आउटसोर्स के माध्यम से सफाई कर्मियों की भर्ती के लिए प्रति अभ्यर्थी 12,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। पांच अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए पहले चरण में 60,000 रुपये देने और शेष 40,000 रुपये बाद में देने पर सहमति बनी थी शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। शिकायतकर्ता को रासायनिक पाउडर लगे नोट दिए गए। जैसे ही आरोपी ने तय स्थान पर रिश्वत की रकम स्वीकार की, सीबीआई की टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सीबीआई यह पता लगाने में जुटी है कि भर्ती प्रक्रिया में इस कथित रिश्वतखोरी में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।

वाराणसी में रेलवे के बड़े अधिकारी की गिरफ्तारी हुई थी

आपको बता दें कुछ दिन पहले केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पूर्वोत्तर रेलवे (वाराणसी मंडल) के वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक (सीनियर डीएमएम) नितेश अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित आवास से ठेकेदार से 1.70 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। वहीं, लहरतारा स्थित डीआरएम ऑफिस पर भी पहुंची और उनके कक्ष में अधिकारियों और कर्मचारियों से काफी देर पूछताछ की। कई दस्तावेज जांचे और कई कब्जे में भी ले लिए। रात को ही सीनियर डीएमएम को सीबीआई अपने साथ लखनऊ ले गई थी।

बिल पास और ठेके के एवज में ली थी घूस

आरोप है कि सीनियर डीएमएम नितेश अग्रवाल ने रेलवे में फर्नीचर सप्लाई करने वाले एक ठेकेदार से बिल पास करने और ठेके के एवज में रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत सीबीआई से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद सीबीआई की टीम ने सीनियर डीएमएम को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने के लिए पूरा प्लान बनाया।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsअयोध्या छावनी बोर्ड का कर्मी 60 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, भर्ती में घूसखोरी