
बिधूना विधानसभा में 17-18 दिसंबर को होगी माननीय विधायक खेल स्पर्धा
Auraiya News - युवा कल्याण विभाग द्वारा बिधूना विधानसभा में 17 और 18 दिसंबर 2025 को खेल स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन एरवाकटरा के बढ़िन खेल स्टेडियम में होगा। प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, वॉलीबाल, कबड्डी, कुश्ती आदि शामिल हैं। प्रतिभागियों के लिए पंजीकरण अनिवार्य है और सभी प्रतियोगिताएँ निशुल्क हैं।
युवा कल्याण विभाग द्वारा जनपद की तीनों विधानसभाओं में माननीय विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बिधूना विधानसभा में इस खेल प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर उपजिलाधिकारी बिधूना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में तय किया गया कि बिधूना विधानसभा स्तरीय माननीय विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन 17 एवं 18 दिसंबर 2025 को एरवाकटरा स्थित बढ़िन खेल स्टेडियम में प्रात: 10 बजे से किया जाएगा। युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष पूर्व में आयोजित होने वाली विकास खंड स्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिता के स्थान पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग के अंतर्गत विधानसभा स्तर पर माननीय विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिल सके।
प्रतियोगिताएं प्रतिभागियों की आयु के अनुसार तीन श्रेणियों सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर बालक/बालिका वर्ग में आयोजित की जाएंगी। दो दिवसीय खेल स्पर्धा में एथलेटिक्स, वॉलीबाल, कबड्डी, कुश्ती, भारोत्तोलन एवं खो-खो जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रहेंगी। इन खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित किया जाएगा। युवा कल्याण विभाग ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी, जो बिधूना विधानसभा के निवासी हों, वे अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। प्रतियोगिता के दिन आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेना पूर्णतया निशुल्क है। आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों और युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




