Auraiya News: खाली पड़े मकान में युवक ने फांसी लगाकर दी जान
Auraiya News: शहर के नारायनपुर मोहल्ले में एक युवक आलोक कुमार सक्सेना का शव उसके बंद मकान में फंदे से लटका मिला। परिवार ने धमकी देने वालों पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। आलोक मानसिक तनाव में था और रात को घर से निकला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Auraiya News: शहर के नारायनपुर मोहल्ले में गुरुवार तड़के एक युवक का शव उसके बंद पड़े मकान में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने कुछ लोगों पर धमकाने का आरोप लगाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है। भरसेन गांव निवासी आलोक कुमार सक्सेना बड़े वाहनों का चालक था। परिजनों के अनुसार वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। बुधवार रात करीब नौ बजे वह घर से निकल गया। बाद में शहर के नारायनपुर मोहल्ले में डाकघर के पास स्थित अपने बंद पड़े मकान में पहुंचा, जहां उसने टीनशेड में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
परिजनों का आरोप है कि घटना से पहले आलोक ने अपने भाई शशांक और पिता सुमित नारायण को फोन कर कुछ लोगों द्वारा धमकी दिए जाने की बात बताई थी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी। खोजबीन के दौरान जब परिजन नारायनपुर स्थित मकान पहुंचे तो अंदर आलोक का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए चिचौली भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


