
नशे में युवक हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ा, गांव में हड़कंप
Auraiya News - गांव जगजीवानपुर में एक युवक शराब के नशे में हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। उसके चढ़ने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और विद्युत विभाग की टीम ने युवक को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। युवक की पहचान 26 वर्षीय ब्रजेश कुमार के रूप में हुई है।
फफूंद, संवाददाता। थाना क्षेत्र के गांव जगजीवानपुर में शुक्रवार शाम शराब के नशे में एक युवक हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और विद्युत विभाग की टीम काफी देर तक युवक को नीचे उतारने का प्रयास करती रही, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवक टावर पर ही मौजूद था। जानकारी के अनुसार गांव निवासी 26 वर्षीय ब्रजेश कुमार पुत्र मोहर सिंह लोडर वाहन चलाता है और मां के साथ रहकर परिवार का भरण-पोषण करता है।
शुक्रवार की शाम वह भाड़ा डालकर घर लौटा तो नशे की हालत में पड़ोसी से कहासुनी हो गई, जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई। विवाद के बाद ब्रजेश घर से निकलकर गांव के बाहर सरसों के खेत में स्थित हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन होने और अंधेरा बढ़ने से स्थिति और गंभीर होती चली गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और विद्युत विभाग को सूचना दी। सूचना पर पुलिस और विद्युत कर्मी पहुंचे तथा युवक को नीचे उतारने के लिए लगातार समझाने में जुटे रहे, लेकिन नशे की हालत में वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि युवक शराब के नशे में है और उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास जारी है। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर बुलवाई गई है, लेकिन देर रात तक वह नहीं पहुंच सकी थी। ग्रामीणों ने टावर के पास भीड़ लगाकर स्थिति पर नजर बनाए रखी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




