
नि:शुल्क वस्त्र बैंक से जरूरतमंदों को मिला ऊनी कपड़ों का सहारा
Auraiya News - ठंड को देखते हुए तुलसी सखी ग्रुप ने औरैया के अटल आश्रय गृह में जरूरतमंदों को ऊनी वस्त्र वितरित किए। कार्यक्रम में बुजुर्ग महिलाओं और बच्चों को स्वेटर, कोट, मफलर आदि दिए गए। अध्यक्ष लक्ष्मी बिश्नोई ने लोगों से अपील की कि वे अपने अनुपयोगी ऊनी वस्त्र जमा कर मदद करें। यह अभियान मौसम सामान्य होने तक जारी रहेगा।
कड़ाके की ठंड को देखते हुए समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति औरैया की महिला शाखा तुलसी सखी ग्रुप ने रविवार को सराहनीय पहल की। अटल आश्रय गृह, औरैया में संचालित नेकी की दीवार नि:शुल्क वस्त्र बैंक के माध्यम से खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने वाले जरूरतमंद लोगों, वृद्ध महिलाओं और बच्चों को ऊनी वस्त्र वितरित किए गए। यह विशेष अभियान रविवार सुबह 10 बजे चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान सखी ग्रुप की अध्यक्ष लक्ष्मी बिश्नोई ने कहा कि जहां संपन्न लोग सर्दी से बचाव के तमाम साधन अपनाते हैं, वहीं कई लोग ऐसे हैं जिनके पास छत तक नहीं है और वे खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर हैं।
लगातार बढ़ रही ठंड और धूप न निकलने से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की परेशानियां बढ़ गई हैं। शाखा की संरक्षक बबिता गुप्ता ने बताया कि वस्त्र बैंक के माध्यम से जरूरतमंदों को स्वेटर, कोट, लोई, मफलर, शॉल, कैप और मोजे जैसे ऊनी कपड़े देकर बड़ी राहत पहुंचाई जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने अनुपयोगी ऊनी वस्त्र अटल आश्रय गृह में जमा कर जरूरतमंदों की मदद करें। समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि मौसम सामान्य होने तक नि:शुल्क वस्त्र वितरण अभियान जारी रहेगा। कार्यक्रम में सीता पोरवाल, रश्मि, सुनीला गुप्ता, अनुपम पोरवाल सहित अन्य सदस्यों का सहयोग सराहनीय रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




