सरकारी शराब ठेके पर महिलाओं का विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने संभाली स्थिति
Auraiya News - अजीतमल के अमावता गांव में महिलाओं ने सरकारी शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। नारेबाजी के बीच तनाव की स्थिति बनी, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। महिलाओं का कहना है कि शराब ठेके के कारण क्षेत्र में अशांति और विवाद बढ़ रहे हैं। पुलिस ने ठेका बंद कर दिया और महिलाओं से बातचीत की।

अजीतमल, संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के अमावता गांव स्थित नगर पुल के पास सरकारी शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर शनिवार को महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने ठेके का घेराव कर जमकर नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि शराब ठेके के कारण क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। आए दिन शराबियों के कारण विवाद और अशांति की स्थिति बनी रहती है, जिससे महिलाओं और बच्चों को परेशानी उठानी पड़ती है। महिलाओं ने ठेका हटाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी अजीतमल मनोज गंगवार के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी, सदर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह, अयाना कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश पाल सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एहतियातन शराब के ठेके को बंद करा दिया और महिलाओं को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहने से स्थिति नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने के मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


