Auraiya News: स्कूटी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में महिला की मौत
Auraiya News: कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह स्कूटी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में 27 वर्षीय मोहिनी पोरवाल की मौत हो गई। वह अपने पति और दो बच्चों के साथ स्कूल जा रही थीं। हादसे के बाद चालक फरार हो गया, और पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव भेजकर जांच शुरू की।

Auraiya News: कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह स्कूटी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। हादसे के समय महिला अपने पति और दोनों मासूम बच्चों के साथ उन्हें स्कूल छोड़ने जा रही थी। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार श्याम नगर अटसू निवासी 27 वर्षीय मोहिनी पोरवाल मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अपने पति विशाल पोरवाल और पांच वर्षीय जुड़वां पुत्र लव व कुश के साथ स्कूटी से कान्हा इंटरनेशनल अकादमी, अजीतमल जा रही थीं। सिंह वाहिनी महाविद्यालय के समीप पुलिया के पास सामने से एक ट्रैक्टर आ रहा था, जबकि पीछे से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चल रही थी।
इसी दौरान स्कूटी दोनों वाहनों के बीच से निकलने का प्रयास कर रही थी। तभी पीछे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से से महिला के सिर में जोरदार टक्कर लग गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों की सूचना पर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे में पति और दोनों बच्चे सुरक्षित रहे तथा उन्हें कोई चोट नहीं आई। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया। पति और दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल रमेश सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


