Auraiya News: साहब! रिश्वत लेने के बाद भी नहीं किया दाखिल-खारिज
Auraiya News: शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में एक महिला ने चकबंदी लेखपाल पर 6000 रुपये लेने, काम न करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। कुल 155 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 का मौके पर समाधान किया गया।

Auraiya News: संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को एक महिला ने चकबंदी लेखपाल पर दाखिल-खारिज के नाम पर छह हजार रुपये लेने, काम न करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने एसओसी चकबंदी को संबंधित लेखपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई कर निलंबन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही दूसरे लेखपाल से दाखिल-खारिज की कार्रवाई कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। दोवामाफी निवासी पुष्पा देवी सविता ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने गांव में एक आवासीय प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि दाखिल-खारिज कराने के लिए संबंधित चकबंदी लेखपाल ने छह हजार रुपये ले लिए, लेकिन इसके बाद भी नामांतरण नहीं किया।
विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने इस शिकायत को प्राथमिकता से सुनते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी काम के लिए किसी भी व्यक्ति से अवैध धनराशि लेना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।इसी दौरान जिलाधिकारी ने एक दिव्यांग आवेदक के पास स्वयं पहुंचकर उसकी समस्या सुनी और जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि दिव्यांगों को प्रमाण पत्र और पेंशन के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा सभी औपचारिकताएं एक साथ पूरी कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 155 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 11 का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

