दहेज उत्पीड़न में पति समेत पांच ससुरालीजनों पर रिपोर्ट दर्ज

हिन्दुस्तान, औरैया
Follow us on Google News
share

औरैया की एक विवाहिता ने अपने पति और पांच ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट, घर से निकालने और अपने पुत्र को छीन लेने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

दहेज उत्पीड़न में पति समेत पांच ससुरालीजनों पर रिपोर्ट दर्ज

औरैया, संवाददाता। सदर कोतवाली क्षेत्र की एक विवाहिता ने पति समेत पांच ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकालने और पुत्र को छीन लेने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोहल्ला सत्तेश्वर निवासी अंजना पुत्री रामकुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 13 दिसंबर 2021 को जालौन जनपद के कुठौंद थाना क्षेत्र स्थित निषाद नगर निवासी दीप सिंह उर्फ सिंटू के साथ हुई थी। विवाह में उसके पिता ने सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था। आरोप है कि शादी के बाद पति दीप सिंह उर्फ सिंटू, ससुर रामशरण, सास कलावती तथा ननद उमा और पूनम अतिरिक्त दहेज में 10 लाख रुपये कीमत का प्लाट और एक तोला सोने की चेन की मांग करने लगे।

पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा। इसी दौरान उसके पुत्र शिवांश का जन्म हुआ, लेकिन इसके बाद भी ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते रहे। तहरीर में बताया गया कि 25 मई 2025 को पति, सास और ससुर ने उसके साथ मारपीट कर जानलेवा हमला किया था, जिससे उसे गंभीर चोटें आई थीं। इसकी शिकायत कुठौंद थाना पुलिस से भी की गई थी। पीड़िता के अनुसार 16 जनवरी 2026 को वह अपनी जेठानी की पुत्री के निधन पर ससुराल गई थी। वहां आरोपियों ने फिर दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि बाल पकड़कर पीटा गया और मासूम पुत्र शिवांश को छीनकर उसे घर से निकाल दिया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। तब से वह अपने मायके में रह रही है। सदर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।