
जंगली कुत्तों का आतंक, पांच बकरियां नोचकर मार डालीं
Auraiya News - भाग्यनगर ब्लॉक के आमपुर ग्राम पंचायत के मजरा रतवा में जंगली कुत्तों ने रात में हमला कर पांच बकरियों को मार डाला। घटना से गांव में दहशत फैल गई है। ग्राम प्रधान ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। पशु चिकित्सक ने मृत बकरियों का पोस्टमार्टम किया और बताया कि कुछ बकरियां गर्भवती थीं।
भाग्यनगर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत आमपुर के मजरा रतवा में रविवार की रात जंगली कुत्तों ने कहर बरपा दिया। रात करीब दो से तीन बजे के बीच जंगली कुत्तों ने गरीब किसानों के पशुओं पर हमला कर पांच बकरियों को मौत के घाट उतार दिया। घटना से गांव में दहशत फैल गई है। जानकारी के अनुसार रतवा गांव निवासी गरीब किसान मुबारक अली की तीन बकरियां और महमूद अली की एक बकरी घर के पास बने मड़ैया में बंधी थीं। रात में जंगली कुत्तों का झुंड मड़ैया में घुस गया और चारों बकरियों को नोंच-नोंचकर मार डाला। बकरियों की चीख सुनकर ग्रामीण दौड़े, शोर मचाने पर कुत्ते भाग निकले, लेकिन तब तक सभी बकरियां मर चुकी थीं।
इसके बाद कुत्तों ने गांव के ही पदमम नारायण पाल की बकरी पर हमला किया, जो घर से बाहर छप्पर में बंधी थी। हमले में उसकी भी मौत हो गई। सूचना पर ग्राम प्रधान दिनेश नायक मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी एसडीएम तथा लेखपाल को दी। सूचना पाकर क्षेत्रीय लेखपाल स्वाति कटियार गांव पहुंचीं और मामले की जांच-पड़ताल की। पशु चिकित्सक डॉ. अनिरुद्ध ने मृत बकरियों का पोस्टमार्टम किया। उन्होंने बताया कि मरी हुई बकरियों में कुछ गर्भवती भी थीं। लेखपाल स्वाति कटियार ने कहा कि मृत बकरियों का निरीक्षण कर लिया गया है और पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। घटना के बाद रतवा गांव में दहशत का माहौल है। ग्राम प्रधान दिनेश नायक ने प्रशासन से जंगली कुत्तों को पकड़वाने और ग्रामीणों व उनके पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




