शादी समारोह में डीजे विवाद बना बवाल, मारपीट में चार घायल
दिबियापुर के सेहुद कैनाल रोड पर एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह के दौरान डीजे को लेकर विवाद हुआ, जिससे मारपीट में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने डीजे संचालक समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

दिबियापुर, संवाददाता। सेहुद कैनाल रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह के दौरान डीजे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए डीजे संचालक समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जानकारी के अनुसार फफूंद थाना क्षेत्र के पीपरपुर निवासी लाल बहादुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नगर के गेस्ट हाउस में अजीतमल से आई बारात ठहरी थी। इसी दौरान डीजे संचालक गोलू निवासी झाबरपुर और दूल्हा पक्ष के मौसेरे भाई के बीच डीजे बजाने को लेकर कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में लाल बहादुर के चारों पुत्र अंकित, अभिषेक, धीरू और राजा घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद धीरू और राजा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज चिचौली रेफर कर दिया। पुलिस ने लाल बहादुर की तहरीर पर डीजे संचालक गोलू और एक अन्य के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही डीजे संचालक का शांतिभंग की धारा में चालान किया गया है। प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि डीजे को लेकर हुए विवाद में रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि घटना के बावजूद शादी समारोह सामान्य रूप से संपन्न हुआ।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


