
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को घर-घर पहुंचे बीएलओ
संक्षेप: Auraiya News - नगर पंचायत फफूंद के वार्ड नंबर आठ में बीएलओ रिजवाना आजमी ने मतदाता सूची संशोधन के लिए विशेष अभियान चलाया। उन्होंने लोगों को नए मतदाता जोड़ने और नाम संशोधन की प्रक्रिया से अवगत कराया। नागरिकों ने सक्रियता से सहयोग किया और आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए। यह अभियान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश पर चलाया जा रहा है।
नगर पंचायत फफूंद के वार्ड नंबर आठ मेवातियान मोहल्ले में मंगलवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत बीएलओ रिजवाना आजमी ने घर-घर जाकर मतदाता सूची संशोधन से संबंधित प्रपत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने लोगों को नए मतदाता जोड़ने, नाम संशोधन कराने और त्रुटियों को सुधारने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। बीएलओ रिजवाना आजमी ने बताया कि जिन नागरिकों का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। साथ ही जिनका पता बदला है या शादी के बाद महिलाओं का वोट अपने मायके में दर्ज है, वे वहां से रिकॉर्ड लेकर ससुराल पते पर नया वोट बनवा सकती हैं।

उन्होंने बताया कि इसके लिए मतदाता को आयु, पहचान और पते के प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने होंगे। इस दौरान उन्होंने मोहल्ले के निवासियों से संवाद करते हुए मतदान के महत्व पर जोर दिया और कहा कि हर नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। अभियान के दौरान नागरिकों ने बीएलओ को सहयोग करते हुए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए और सक्रियता से अपने नाम जुड़वाने में रुचि दिखाई। बीएलओ ने बताया कि यह विशेष अभियान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश पर चलाया जा रहा है, जिसके तहत घर-घर संपर्क कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




