
बारातियों से मारपीट में दुल्हन के भाइयों पर एफआईआर
Auraiya News - अजीतमल में एक शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ, जिसमें दूल्हे के चाचा और मामा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुल्हन के भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की। मामले की जांच जारी है।
अजीतमल(औरैया)। अटसू के एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह के दौरान विवाद हो गया। बारात चढ़ने के समय लाठी-डंडे चलने से दूल्हे के चाचा और मामा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दुल्हन के भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर की है। फफूंद थाना क्षेत्र के खानपुर निवासी कुलदीप कुमार ने बताया कि 11 दिसंबर को वह अपने भाई की बारात लेकर अटसू स्थित गंगा उत्सव गार्डन आए थे। बरात चढ़ रही थी, तभी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि कोतवाली क्षेत्र के गांव दुर्वासपुर निवासी दुल्हन के भाई अनिल कुमार और छुन्ना ने अचानक दूल्हे के चाचा शैलेंद्र कुमार और मामा जितेंद्र कुमार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। घटना के पीछे दो दिन पहले तिलक के दौरान हुए विवाद को कारण बताया जा रहा है। हालांकि, घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामला शांत कराया गया और शादी की रस्में पूरी कराई गईं। घटना के दूसरे दिन सुबह दूल्हे के भाई कुलदीप कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि शादी समारोह के दौरान मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर दुल्हन के भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




