22 साल से कंचौसी-घसा पुरवा संपर्क मार्ग जर्जर, ग्रामीणों में आक्रोश
Auraiya News - कंचौसी से घसा पुरवा वाया ढिकियापुर संपर्क मार्ग का निर्माण पिछले 22 वर्षों से अधर में लटका है। जर्जर सड़क से ग्रामीणों में आक्रोश है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत का निस्तारण बिना जांच के कर दिया गया, जिससे नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

कंचौसी, संवाददाता। कंचौसी से घसा पुरवा वाया ढिकियापुर संपर्क मार्ग का निर्माण पिछले 22 वर्षों से अधर में लटका है। जर्जर और उखड़ी सड़क से गुजरने को मजबूर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत का निस्तारण भी अधिकारियों ने बिना मौके पर जांच किए ही कर दिया, जिससे लोगों की नाराजगी और बढ़ गई है। करीब तीन किलोमीटर लंबे इस मार्ग का आधा हिस्सा ढिकियापुर से घसा पुरवा तक पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है। हल्की बारिश में यह सड़क कीचड़ और दलदल में बदल जाती है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
इस मार्ग से घसा पुरवा, सूखमपुर, करौधा, बिझाई समेत कई गांवों के हजारों लोग कंचौसी बाजार, रेलवे स्टेशन, बैंक और अस्पताल तक आवागमन करते हैं। छात्र-छात्राएं भी इसी रास्ते से स्कूल-कॉलेज जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत वर्ष 2004 में कराई गई थी, उसके बाद से आज तक कोई कार्य नहीं हुआ। पिछले वर्ष कंचौसी से ढिकियापुर तक कुछ हिस्सा ठीक कराया गया, लेकिन आगे का मार्ग अब भी बदहाल है। कई बार मुख्यमंत्री पोर्टल, जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों से शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। आरोप है कि पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिकारियों ने बिना निरीक्षण किए ही सड़क को अपने विभाग का न बताते हुए शिकायत बंद कर दी। इससे नाराज ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


