Auraiya News: कार्यालय समय में अध्यक्ष कक्ष में आराम करते दिखे कर्मचारी, वीडियो वायरल
Auraiya News: नगर पंचायत अटसू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें कर्मचारी कार्यालय समय के दौरान अध्यक्ष कक्ष में आराम करते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने सेवाओं में संभावित बाधा का सवाल उठाया है। ईओ ने कर्मचारियों को नोटिस जारी करते हुए एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की है।

Auraiya News: नगर पंचायत अटसू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कार्यालय समय के दौरान कुछ कर्मचारी नगर पंचायत अध्यक्ष कक्ष में कुर्सियां लगाकर आराम करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। वीडियो सामने आने के बाद नगर पंचायत की कार्यप्रणाली और कार्यालय अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार्यालय समय में कर्मचारी अपने दायित्वों के बजाय अध्यक्ष कक्ष में आराम करते रहे, तो इससे आमजन को मिलने वाली सेवाएं प्रभावित होना स्वाभाविक है। इसी बीच जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण से जुड़ी एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
ऑडियो में शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को लेकर बातचीत सुनाई दे रही है। हालांकि, हिन्दुस्तान इस ऑडियो की भी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। इसके बावजूद लोगों के बीच यह चर्चा है कि कहीं शिकायतों का निस्तारण बिना स्थलीय जांच अथवा केवल औपचारिकताएं पूरी कर तो नहीं किया जा रहा। ईओ प्रदीप कुमार गौतम ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही सभी संबंधित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने बताया कि वीडियो बनने के समय वह बाबरपुर कार्यालय में मौजूद थे। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि स्वदेश पोरवाल ने बताया कि उस समय वह अपनी सास के अस्वस्थ होने के कारण मुंबई में थे। वीडियो की जानकारी मिलने के बाद संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है और उनका एक दिन का वेतन काटा गया है। उन्होंने कहा कि कार्यालय अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


