जनप्रतिनिधियों को सोशल मीडिया से जोड़ें, कटौती की सूचना करें साझा : ऊर्जा राज्य मंत्री
उर्जा मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जनप्रतिनिधियों को सोशल मीडिया से जोड़ा जाए और विद्युत कटौती जैसी सूचनाएं साझा की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रीपेड मीटर नहीं लगाए जाएंगे और पीक आवर्स में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की भी समीक्षा की गई।

औरैया, संवाददाता। प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जनप्रतिनिधियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा जाए और विद्युत कटौती समेत अन्य जरूरी सूचनाएं समय से साझा की जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों का अक्षरश: पालन किया जाए तथा जनपद में प्रीपेड मीटर नहीं लगाए जाएंगे, पुरानी व्यवस्था ही लागू रहेगी। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में राज्य मंत्री ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सुबह और शाम के पीक आवर्स में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा कटौती न्यूनतम रहे।
अधीक्षण अभियंता विद्युत ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में अधिकतर 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 48 घंटे के भीतर खराब ट्रांसफार्मर बदल दिए जाते हैं। वहीं आपदा के कारण पोल और तार टूटने की समस्याओं का निस्तारण 8 से 10 घंटे के भीतर कर दिया जाता है। इस पर राज्य मंत्री ने निर्देश दिए कि जहां बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्या है, वहां मूल कारण तलाशकर स्थायी समाधान किया जाए। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष जनपद में लगभग 3130 लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया गया और वर्तमान लक्ष्य के सापेक्ष प्रतिमाह करीब 140 प्रतिशत प्रगति की जा रही है। राज्य मंत्री ने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने दिबियापुर विधानसभा क्षेत्र के करीब 40 गांवों को इटावा जनपद के भरथना फीडर से मिलने वाली बिजली आपूर्ति का मुद्दा उठाते हुए औरैया जनपद के फीडर से आपूर्ति कराए जाने की मांग की। इस पर राज्य मंत्री ने अधीक्षण अभियंता को उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने आवासों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को हटाने की मांग उठाई। इस पर भी राज्य मंत्री ने शीघ्र कार्रवाई कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए फीडर स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं, जिसकी सूचना जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने राज्य मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन कराया जाएगा। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, भाजपा जिला प्रभारी आनंद सिंह, पूर्व प्रत्याशी रिया शाक्य, पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, पीडी नेडा हिमांशु रंजन श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


