
64 केंद्रों में से 96 आपत्तियां, दूरी सबसे बड़ी समस्या
Auraiya News - यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 की तैयारियों में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में विवाद बढ़ गया है। 64 केंद्रों पर 96 आपत्तियां आई हैं, जिनमें सबसे ज्यादा दूरियों को लेकर हैं। जियो टैगिंग की गलतियों के कारण छात्रों को दूर के संस्थानों में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। डीआईओएस ने जांच शुरू कर दी है।
यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 की तैयारियों के बीच परीक्षा केंद्र निर्धारण को लेकर विवाद गहरा गया है। जिले में तय किए गए 64 प्रारंभिक परीक्षा केंद्रों पर कुल 96 आपत्तियां दर्ज हुई हैं, जिनमें सबसे अधिक आपत्तियां परीक्षा केंद्र दूर होने को लेकर हैं। खास बात यह कि यह समस्या प्रशासन की नहीं, बल्कि कई विद्यालयों द्वारा जियो टैगिंग में की गई गलतियों के कारण सामने आई है, जिसके चलते गूगल मैप ने गलत दूरी को आधार बना लिया और छात्रों को काफी दूर के संस्थानों में परीक्षा केंद्र आवंटित हो गए। जियो टैगिंग में गलती, छात्रों की बढ़ी मुश्किल जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के अनुसार परीक्षा केंद्र प्रस्तावित करने वाले स्कूलों को जियो टैगिंग कर लोकेशन अपलोड करनी होती है।

कई विद्यालयों ने यह प्रक्रिया लापरवाही से पूरी की, जिसके चलते लोकेशन वास्तविक स्थान से काफी दूर दर्ज हो गई। गूगल मैप पर बढ़ी हुई दूरी देखते हुए सॉफ्टवेयर ने उसी के आधार पर परीक्षा केंद्र निर्धारित कर दिया। इस गलती का सबसे बड़ा खामियाजा उन परीक्षार्थियों को भुगतना पड़ रहा है जिन्हें अपने ही स्कूल से कई किलोमीटर दूर परीक्षा केंद्र भेज दिया गया है। आठ कॉलेजों ने कहा—हम परीक्षा केंद्र नहीं बन सकते आपत्तियों में यह भी सामने आया है कि आठ कॉलेज ऐसे हैं जिनमें परीक्षा कराने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध ही नहीं हैं। इन कॉलेजों ने साफ कहा है कि परीक्षा केंद्र न बनाए जाएं। इनमें तीन राजकीय विद्यालय भी शामिल हैं। इसी के साथ कम क्षमता वाले लगभग 10 विद्यालयों को भी परीक्षा केंद्र बना दिया गया, जिससे परीक्षा प्रबंधन और सुरक्षा के मानक प्रभावित हो रहे हैं। डीआईओएस की ओर से गठित टीम अब सभी आपत्तियों के भौतिक सत्यापन में जुट गई है। टीम खास तौर पर गलत जियो टैगिंग वाले केंद्र, कम क्षमता वाले स्कूल, संसाधनहीन कॉलेज इनकी रिपोर्ट तैयार कर रही है। संभावना है कि कई केंद्रों की दूरी और क्षमता के आधार पर उन्हें बदला जाएगा। 31 दिसंबर तक केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। डीआईओएस बोले 64 परीक्षा केंद्रों पर 96 आपत्तियां आई हैं। दूरी से संबंधित अधिक आपत्तियां जियो टैगिंग में आई दिक्कतों के कारण हुई हैं। पूरी जांच चल रही है, 31 दिसंबर तक अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। — प्रदीप कुमार मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


