
घंटों देरी से पहुंचीं फरक्का, ऊंचाहार एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें
Auraiya News - कंचौसी रेलवे स्टेशन पर बुधवार को ट्रेनों की भारी देरी के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। फरक्का एक्सप्रेस चार घंटे और ऊंचाहार एक्सप्रेस पांच घंटे की देरी से पहुंची। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि कोहरे के कारण यह देरी हुई है। यात्रियों को पूछताछ केंद्र के माध्यम से जानकारी दी जा रही है।
कंचौसी, संवाददाता। कंचौसी रेलवे स्टेशन पर बुधवार को ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फरक्का एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से साढ़े चार घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची, जबकि ऊंचाहार एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनें भी घंटों लेट रहीं। यात्रियों के अनुसार भटिंडा से मालदा टाउन होकर बालुरघाट जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस का कंचौसी स्टेशन पर तड़के चार बजे पहुंचने का निर्धारित समय है, लेकिन बुधवार को यह ट्रेन सुबह साढ़े आठ बजे के बाद स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन में सवार कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, अयोध्या, सुल्तानपुर, जौनपुर, बनारस और पटना जाने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इसी तरह चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस भी अपने तय समय से साढ़े पांच घंटे देरी से पहुंची, जिससे कानपुर, उन्नाव, फतेहपुर, बिंदकी, ऊंचाहार और प्रयागराज जाने वाले यात्री परेशान नजर आए। वहीं टूंडला-कानपुर मेमू करीब 20 मिनट, कानपुर-इटावा मेमू डेढ़ घंटे, इटावा-कानपुर मेमू दो घंटे और शिकोहाबाद-कानपुर मेमू लगभग 30 मिनट की देरी से पहुंची। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने बताया कि कोहरे के कारण पीछे के स्टेशनों से ट्रेनें देरी से चल रही हैं। ट्रेनों के लेट होने की जानकारी यात्रियों को पूछताछ केंद्र के माध्यम से दी जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




