
पटरी पर मवेशी आने से क्लोन एक्सप्रेस 14 मिनट रुकी, टक्कर में सांड की मौत
Auraiya News - दिल्ली-हाबड़ा रेल मार्ग पर क्लोन एक्सप्रेस की एक सांड से टक्कर हो गई, लेकिन लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। हादसे के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई। रेलवे कर्मचारियों ने स्थिति का जायजा लिया और सांड के शव को ट्रैक से हटाया। ट्रेन बाद में सुरक्षित रूप से रवाना हुई।
दिल्ली-हाबड़ा रेल मार्ग पर हादसा टल गया। जब डाउन ट्रैक पर दौड़ रही क्लोन एक्सप्रेस अचानक पटरी पर आए सांड से टकरा गई। जोरदार टक्कर के बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाते हुए ट्रेन को इनायतपुर गांव के सामने रोक दिया। ट्रेन करीब 14 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों में दहशत का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार बुधवार रात लगभग 11:30 बजे क्लोन एक्सप्रेस अछल्दा स्टेशन पार कर रही थी। तभी इनायतपुर गांव के पास डाउन लाइन पर एक सांड अचानक ट्रैक पर आ गया। तेज रफ्तार ट्रेन उससे टकरा गई, जिससे सांड की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोको पायलट ने सुरक्षित संचालन के लिए तुरंत ट्रेन रोक दी। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इंजन की जांच की और क्षतिग्रस्त हिस्सों का निरीक्षण किया। इसके बाद ट्रैक से सांड के शव को हटाया गया ताकि लाइन फिर से सुरक्षित रूप से चालू की जा सके। जांच पूरी होने के बाद क्लोन एक्सप्रेस को दरभंगा जंक्शन के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे सूत्रों के अनुसार, इंजन को हल्का नुकसान पहुंचा है, लेकिन यात्रा सुरक्षित बनी रही। वहीं, रात के अंधेरे में घटना होने से यात्रियों में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर मवेशियों की बढ़ती आवाजाही पर चिंता व्यक्त करते हुए सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




