
नाइट ड्यूटी पर जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
Auraiya News - कोतवाली क्षेत्र के चांवरपुर मोड़ पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक संजीव कुमार की मौत हो गई। वह रात में अपनी नाइट ड्यूटी के लिए बाइक से जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र के चांवरपुर मोड़ के पास दर्दनाक सड़क हादसे में नाइट ड्यूटी पर जा रहे युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से मृतक परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार 17 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे संजीव कुमार पुत्र महाराज सिंह मोटरसाइकिल से भदान रेलवे स्टेशन पर अपनी नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह चांवरपुर मोड़ पार कर अजीतमल क्षेत्र में पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने लापरवाही से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही संजीव सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना स्थल पर मौजूद धमेन्द्र कुमार पुत्र रामसेवक, अभिषेक कुमार पुत्र अनिरुद्ध कुमार और अन्य राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस से संजीव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने दोषी कार चालक पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर दुर्घटना में मृत्यु की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वाहन और चालक की तलाश के साथ मामले की जांच की जा रही है, तथा आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




