अग्निवीर बनने का सपना टूटा, ट्रेनिंग पर जाने से तीन दिन पहले सड़क हादसे में युवक की मौत
अग्निवीर बनने का सपना संजोए 20 वर्षीय युवक रामजी की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना अछल्दा-फफूंद मार्ग पर हुई, जब वह अपने पिता और बहन के साथ घर लौट रहा था। हादसे में उसके पिता और बहन गंभीर रूप से घायल हैं। परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

अग्निवीर बनकर देश सेवा का सपना संजोए एक युवक की जिंदगी सड़क हादसे में उस समय थम गई, जब वह ट्रेनिंग के लिए रवाना होने की तैयारियों के बीच अपने पिता और बहन के साथ घर लौट रहा था। अछल्दा-फफूंद मार्ग पर अमेला बंबा के पास बुधवार सुबह हुए भीषण हादसे में अग्निवीर एयरफोर्स में चयनित 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार थाना फफूंद क्षेत्र के ग्राम खानपुर निवासी 20 वर्षीय रामजी पुत्र श्याम सिंह का हाल ही में अग्निवीर एयरफोर्स में चयन हुआ था। उसकी ट्रेनिंग आगामी 27 जून से शुरू होनी थी और वह बुधवार शाम बेंगलुरु के लिए रवाना होने वाला था। परिजनों के मुताबिक रामजी अपने पिता 50 वर्षीय श्याम सिंह और बहन 23 वर्षीय कुसमा देवी के साथ अछल्दा थाना क्षेत्र के छछुंद गांव में झाड़-फूंक कराने गए थे। बुधवार सुबह करीब छह बजे तीनों एक ही बाइक से वापस घर लौट रहे थे। बताया गया कि जैसे ही उनकी बाइक अछल्दा-फफूंद मार्ग स्थित अमेला बंबा के पास पहुंची, तभी फफूंद की ओर से तेज रफ्तार में आ रही अमूल दूध से लदी पिकअप ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना के कारण
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने से रामजी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके पिता और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर डायल-112 और अछल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
गांव में शोक
रामजी की मौत की सूचना मिलते ही उसकी मां सारिका देवी और छोटे भाई कन्हैया बेसुध हो गए। गांव में जैसे ही यह खबर पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि रामजी मेहनती और होनहार युवक था तथा उसके अग्निवीर चयन से पूरे गांव में खुशी का माहौल था। लेकिन ट्रेनिंग शुरू होने से ठीक पहले हुए हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं।
सड़क दुर्घटना में एक युवक की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है तथा फरार चालक की तलाश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पी पुनीत मिश्रा, सीओ बिधूना


