औरैया में सड़क हादसे के गम में एक और मौत, पोते के सदमे में बुजुर्ग महिला ने तोड़ा दम
कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक ऋषि की दादी की बहन सुखदेवी राजपूत को दिल का दौरा पड़ा और उनकी भी मौत हो गई। यह घटना पूरे परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल बना गई है। ऋषि हाल ही में 12वीं की परीक्षा देकर लौटा था।

अजीतमल, संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे के बाद गम का ऐसा पहाड़ टूटा कि एक और जान चली गई। सड़क दुर्घटना में पोते की मौत का सदमा उसकी दादी की बहन सहन नहीं कर सकीं और दिल का दौरा पड़ने से उनकी भी मौत हो गई। बताया गया कि गुरुवार रात कैला देवी मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो चित्राहट क्षेत्र के मई गांव के पास सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई थी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में अजीतमल के प्रतापपुर गांव निवासी ऋषि पुत्र चरन सिंह के मामा देवेंद्र, उनकी पत्नी सीमा, तीन वर्षीय बेटी आराध्या व ऋषि के नाना कांता प्रसाद निवासी इकदिल की मौत हो गई थी।
जबकि 20 वर्षीय ऋषि राजपूत की भी हादसे में मौत हो गई थी। हादसे में मृत ऋषि राजपूत के घर शुक्रवार सुबह शोक जताने पहुंचीं उसकी दादी की सगी बहन 75 वर्षीय सुखदेवी राजपूत निवासी गिरधारीपुर जैसे ही घर की दहलीज पर पहुंचीं, अचानक सीने में तेज दर्द उठा और वह गिर पड़ीं। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई। सुबह जैसे ही ऋषि का शव घर पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। बहनों काजल और कंचन तथा भाई अभयराज का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों और रिश्तेदारों में भी गहरा शोक व्याप्त है। बताया गया कि ऋषि पढ़ाई में होनहार था और हाल ही में यूपी बोर्ड की 12वीं की परीक्षा देकर लौटा था। वह रिश्तेदारों के साथ दर्शन के लिए गया था। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करने लगे। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। एक ही परिवार में लगातार हुई मौतों से माहौल शोकमय बना हुआ है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


