आंधी-पानी में दीवार गिरने से महिला की मौत, दूसरी घायल
Auraiya News - अजीतमल के गांव हरपालपुर में रविवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान कच्ची दीवार गिरने से दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया, लेकिन परिजनों ने उसे घर ले जाने का निर्णय लिया। देर रात उसकी मौत हो गई, जिससे परिवार में शोक फैल गया।

अजीतमल, संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के गांव हरपालपुर में रविवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान कच्ची दीवार गिरने से दो महिलाएं उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल में भर्ती कराया गया, जहां एक महिला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। परिजन उपचार कराए बिना उसे घर ले गए, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार जालौन जनपद के थाना रामपुरा क्षेत्र के गांव मढ़ेपुरा निवासी जगरानी पत्नी सुरेंद्र निषाद अपनी ननद सोमवती पत्नी नेखपाल के यहां हरपालपुर आई हुई थीं।
रविवार को दोनों महिलाएं क्षेत्र के गांव भीखमनगर में चल रही भागवत कथा सुनने गई थीं। कथा समाप्त होने के बाद दोनों वापस लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। बचाव के लिए दोनों महिलाएं रास्ते में खड़ी हो गईं, तभी हरपालपुर निवासी बुद्ध सिंह की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई और दोनों महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं। घटना होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और मलबा हटाकर दोनों महिलाओं को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें आनन-फानन सीएचसी अजीतमल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जगरानी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया था, लेकिन परिजन उन्हें अपने साथ घर ले गए। देर रात हालत बिगड़ने पर जगरानी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं क्षेत्रीय लेखपाल विशाल गुप्ता और प्रधान प्रतिनिधि गोपाल गुर्जर भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उपजिलाधिकारी अजीतमल गरिमा सोनकिया ने बताया कि दीवार गिरने की घटना में महिला की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई है। शासन की आपदा राहत योजना के तहत मृतका के परिजनों को नियमानुसार चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


