Auraiya News: वृंदावन में मजदूर की हत्या, सदमे के बीच गांव में वृद्ध की भी मौत
Auraiya News: बिधूना के मुग्गपुर गांव में एक मजदूर पप्पू यादव की हत्या के बाद उनके शव का पोस्टमार्टम परिजन लेकर आए। इस दुख के वक्त पप्पू के शोक जताने गए 65 वर्षीय रामनरेश की भी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। गांव में दो मौतों से मातम छा गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Auraiya News: बिधूना कोतवाली क्षेत्र के मुग्गपुर गांव में शुक्रवार को दो मौतों से मातम पसर गया। रोजी-रोटी के लिए वृंदावन गए गांव निवासी मजदूर पप्पू यादव की हत्या के बाद पोस्टमार्टम से शव गांव पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इसी बीच पप्पू के घर शोक जताने गए गांव के 65 वर्षीय रामनरेश की घर लौटने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। कुछ ही समय के अंतराल पर हुई दो मौतों से गांव के लोग स्तब्ध हैं। मुग्गपुर निवासी पप्पू यादव मजदूरी करने के लिए मथुरा के वृंदावन गए थे।
बताया गया कि वह वहां एक निर्माणाधीन भवन में काम कर रहे थे। गुरुवार सुबह भवन में उनका लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। सिर और आंख के पास चोट के निशान बताए गए हैं। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू की। परिजनों के मुताबिक पप्पू के साथ निर्माण स्थल पर रहने वाला साथी मजदूर कन्हैया घटना के बाद से नहीं मिल रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना किन परिस्थितियों में हुई और हत्या के पीछे क्या वजह रही, इसका पता पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


